गुस्साई भीड़ ने मौके पर खड़ी बाइक व दो खोकों को आग के हवाले कर दिया। धू-धूकर जलते वाहनों ने क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह झड़प हरियाणा के मुंडाका गांव और इसी गांव की सीमा से सटे राजस्थान के हाजीपुर गांव के लोगों के बीच हुई।
नूंह जिले के गांव मुंडाका में मंगलवार शाम मामूली विवाद पर दो समुदायों के बीच झगड़ा हो गया। जिसमें दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और दोनों पक्ष के लगभग 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से कई को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे वाहन खड़ा करने को लेकर युवकों के बीच झगड़ा बताया जा रहा है। जिसने बाद में दो समुदायों के बीच बड़े विवाद का रूप ले लिया। पुलिस ने बताया कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। गुस्साई भीड़ ने मौके पर खड़ी बाइक व दो खोकों को आग के हवाले कर दिया। धू-धू कर जलते वाहनों ने क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह झड़प हरियाणा के मुंडाका गांव और इसी गांव की सीमा से सटे राजस्थान के हाजीपुर गांव के लोगों के बीच हुई। सूचना मिलते ही फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस के साथ-साथ नूंह जिले के अन्य थानों से भी पुलिस बल मौके पर भेजा गया। पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे और दोनों समुदायों के लोगों को अलग-अलग क्षेत्रों में रोका गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन माहौल पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में तनाव बरकरार था और एहतियात के तौर पर पुलिस गांव में गश्त कर रही है।
झगड़े में घायल दोनों पक्षों के लोग
एक पक्ष की तरफ से चुन्नीलाल, गोपाल ,लेखराज, वीर सिंह, फूलचंद, हंसराज व दूसरे पक्ष के खुर्शीद, फरहान, शाहबाज घायल हुए। इन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया । खबर लिखे जाने तक गांव में शांतिपूर्वक स्थिति बरकरार है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं।



