वाराणसी जिले में बाइक सवार बदमाशों ने एक अधेड़ को दिनदहाड़े कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। जिससे अधेड़ की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव के अरिहंत नगर कालोनी के पास सुबह 9 बजे बाइक सवार कालोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
बदमाशों ने कैसे दिया वारदात को अंजाम
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। बाइक सवार कालोनाइजर को चलती बाइक पर सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने समांतर चलते हुए कनपटी और सीने पर गोली मारी। पीछे बैठे दो बदमाशों ने लक्ष्य करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। राहगीर महिला ने यह देख शोर मचाया। तब तक बदमाश असलहा लहराते हुए भाग निकले।
क्या है मामला
बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह बृहस्पतिवार की सुबह महेंद्र गौतम (54) अपने मकान बुद्धा सिटी से अपने कार्य क्षेत्र अरिहंतनगर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने पीछा कर महेंद्र गौतम को गोली मार दी।
गोली लगते ही सड़क पर गिर गए महेंद्र
इस दौरान गोली महेंद्र के कनपटी पर लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए। वहीं बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए। वहां मौजूद महिला की सूचना पर पहुंचे लोगों ने आनन- फानन घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
गोली मारने के बाद बाइक सवार बदमाश कॉलोनी का रास्ता पकड़ कर रिंगरोड की तरफ भाग गए। इसके बाद कॉलोनी के रहने वाले लोगों की सूचना के बाद डीसीपी वरूणा जोन प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।



