दहला कानपुर…1.5KM तक सुनाई दिया धमाका, धुएं-धूल का गुबार और चीख-पुकार, पहले भी हो चुके हैं धमाके

दहला कानपुर…1.5KM तक सुनाई दिया धमाका, धुएं-धूल का गुबार और चीख-पुकार, पहले भी हो चुके हैं धमाके

घनी आबादी वाले इलाके मिश्री बाजार में भीषण विस्फोट से कुछ देर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। विस्फोट के बाद कुछ देर के लिए धूल और धुएं का गुबार छा गया। घायल जान बचाने के लिए चीख-पुकार मचा रहे थे।

कानपुर में मेस्टन रोड के बिसातखाना में बुधवार की शाम करीब सात बजे के आसपास हुए धमाके की आवाज एक से डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाका और उसकी कंपन से लोगों को पहले गैस सिलिंडर में विस्फोट होने की आशंका हुई थी। बाद में गली के अंदर स्कूटी में विस्फोट होने का पता चलते ही आसपास की दुकानें बंद हो गईं। क्षेत्र के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद मेस्टन रोड पर जाम लग गया। पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने मशक्कत कर जाम खुलवाया।

Kanpur Blast Explosion heard up to 15 km smoke and dust and screams blasts have happened before too

क्षेत्र के कोल्ड डि्रंक की दुकान करने वाले खुर्रम शमशी ने बताया कि वह बुधवार की शाम करीब सात बजे अपनी दुकान पर थे। उनकी दुकान बिसातखाना के नजदीक है। एकाएक तेज धमाका हुआ। वह गली के अंदर गए तो वहां पर लोग भागते और चीखते चिल्लाते बाहर की ओर भागे। उन्हें लगा कि शायद गैस सिलिंडर फट गया है। अंदर जाकर देखा तो दो स्कूटी में विस्फोट हुआ था। दोनों में चाबियां लगी हुई थीं, जबकि दुकानों का सामान बिखरा हुआ था।

बाजार में लगभग 100 से अधिक लोग थे
विस्फोट में घायल हुए लोगों को आसपास के लोग अस्पताल की ओर भागे। कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले नमन जायसवाल का कहना है कि वह बड़े चौराहे पर थे। उन्हें तेज आवाज सुनाई दी। उन्हें लगा कि शायद एलपीजी सिलिंडर फट गया है। मरकज मस्जिद के नजदीक पहुंचने पर उन्हें स्कूटी में विस्फोट का पता चला। बिसातखाना की बाजार में लगभग 100 से अधिक लोग थे। एक चार पहिया वाहन और कई दोपहिया वाहन भी खड़े हुए थे। विस्फोट होने के बाद जल्द से जल्द वाहनों को हटवाया गया।

धुएं और धूल का गुबार, चीख-पुकार के बीच मची भगदड़
घनी आबादी वाले इलाके मिश्री बाजार में भीषण विस्फोट से कुछ देर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। दीपावली पर्व नजदीक होने के कारण अतिसंवेदनशील इलाके में हुई घटना से पुलिस और इंटेलीजेंस के होश उड़ गए। विस्फोट के बाद कुछ देर के लिए धूल और धुएं का गुबार छा गया। घायल जान बचाने के लिए चीख-पुकार मचा रहे थे।

कान सुन्न हो गए और खिड़कियों के शीशे टूट गए
दहशत में आसपास के दुकानदारों ने दुकानों के शटर गिरा दिए। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास रहने वालों के कान सुन्न हो गए और खिड़कियों के शीशे टूट गए। पुलिस और इंटेलीजेंस इलाके में रहने वालों की कुंडली खंगालने में लग गई है। हालांकि, मूलगंज में दिल दहलाने वाली विस्फोट की घटना कोई नई नहीं है। इससे पहले भी कई बड़ी घटनाएं शहर में हो चुकी हैं, जो आज तक रहस्य बनी हुई हैं।

पहले हो चुकी हैं ये घटनाएं

  • 28 जनवरी 2025 को रेलबाजार थानाक्षेत्र के फेथफुलगंज के गोरा कब्रिस्तान के पास कबाड़ी मोहम्मद रऊफ के घर में विस्फोट से चीथड़े उड़ गए थे।
  • 31 अक्तूबर 2024 को सीसामऊ थानाक्षेत्र के गांधी नगर में मकान के बाहर विस्फोट से पति-पत्नी की मौत।
  • 22 जनवरी 2023 को बजरिया थानाक्षेत्र के कंघी मोहाल में मकान में बारूद से विस्फोट में एक की मौत, दो घायल।
  • 9 मई 2023 को नवाबगंज थाना क्षेत्र के पहलवानपुरवा इलाके विस्फोट छत उड़ी, महिला की मौत।
  • 9 अगस्त 2023 में कल्याणपुर खुर्द में आयकर अधिकारी के घर में विस्फोट में एक महिला घायल हुई थी।
  • 27 अक्तूबर 2022 में काकादेव में एक गाय के मुंह में बम फटा था जिसमें उसका जबड़ा उड़ गया था।
  • 25 अगस्त 2020 में बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के बगाही भट्ठा में विस्फोट।
  • 21 अक्तूबर 2019 नौबस्ता द्विवेदी नगर में धमाका, दो घायल।
  • 20 फरवरी 2019 कालिंद्री एक्सप्रेस में धमाका कोई घायल नहीं।
  • अप्रैल 2019 ओएमसी में धमाका तीन की मौत, आठ घायल।
  • 4 अक्तूबर 2017 सरसौल में 100 वर्ष पुराने मकान में धमाका, चार मकान गिरे, दो की मौत।
  • 23 जनवरी 2015 को कल्याणपुर के न्यू अशोकनगर में बम विस्फोट।
  • 14 अक्तूबर 2008 में बजरिया में साइकिल पर लदे विस्फोटक में धमाका, दो घायल।
  • 20 जून 1997 की रात घंटाघर पर भीषण विस्फोट हुआ था, जिसमें पांच राहगीर घायल हुए थे।

ये था पूरा मामला
मूलगंज थाना क्षेत्र के बिसातखाना बाजार में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे दुकानों के बाहर खड़ी स्कूटी में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि डेढ़ किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। आसपास की कई दुकानों में दरारें आ गईं। अचानक हुए विस्फोट से बाजार में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए सड़क पर दौड़ पड़े। धमाके में आठ लोग घायल हुए।

दुकान संचालक व अन्य समेत 12 लोग गिरफ्तार
चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें केजीएमयू (किंग जाॅर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी) लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और छानबीन की। घटना की जांच के लिए लखनऊ से एटीएस को बुलाया गया है। टीमें तोड़फोड़ की साजिश समेत अन्य बिंदुओं पर धमाके का कारण जानने में जुटी हैं। देर रात पुलिस ने छापे मारकर दुकान संचालक व अन्य समेत 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

चोरी हो चुकी स्कूटी में हुआ धमाका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमाके में क्षतिग्रस्त हुई एक स्कूटी धमाके में घायल अश्वनी की है। अश्वनी की डिप्टी पड़ाव में होजरी की दुकान है, वह वहां सामान लेने आए थे। जबकि दूसरी स्कूटी गोविंदनगर 11 ब्लॉक निवासी बृजेंद्र रस्तोगी के नाम पर है। यह स्कूटी 31 मार्च 2023 को चोरी हो गई थी। पुलिस बृजेंद्र के बारे में जानकारी जुटा रही है।

विस्फोटक की बजाय पटाखे से धमाका होने का अंदेशा
बम धमाके की सूचना पर महापौर प्रमिला पांडेय, पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल, जेसीपी लॉ एंड ऑर्डर आशुतोष कुमार, डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि घटना की फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता जांच कर रहा है, हालांकि शुरुआती जांच में विस्फोटक की बजाय पटाखे से धमाका होने का अंदेशा है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा,कि धमाका कैसे हुआ।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *