हादसे ने खोल दिया तस्करी का राज, नीलगाय से टकराया तस्कर, 14 किलो हेरोइन बरामद: कीमत करीब 70 करोड़

हादसे ने खोल दिया तस्करी का राज, नीलगाय से टकराया तस्कर, 14 किलो हेरोइन बरामद: कीमत करीब 70 करोड़

बीकानेर के पूगल क्षेत्र में नीलगाय से टकराकर गिरे एक स्कूटी सवार से 14 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 70 करोड़ रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए खाजूवाला बॉर्डर पर गिराई गई थी। 

बीकानेर में भारत-पाक सीमा से तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सुरक्षा एजेंसियों से पहले एक नीलगाय ने पूरे नेटवर्क की परत खोल दी। पूगल के पास तड़के करीब चार बजे स्कूटी सवार एक संदिग्ध युवक नीलगाय से टकराकर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब स्कूटी की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखी गई करीब 14 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

ड्रोन से गिराई गई थी हेरोइन की खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र में पाकिस्तानी ड्रोन के जरिए गिराई गई थी। हादसे में घायल युवक की पहचान पाली जिले के सोजत के रेपड़वास निवासी खेताराम के रूप में हुई है। वह स्कूटी से खाजूवाला से पूगल की ओर जा रहा था और पूगल से करीब सात किलोमीटर पहले दुर्घटना हो गई।

घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती, नेटवर्क खुलने की उम्मीद
घायल युवक को 108 एम्बुलेंस की मदद से पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अभी बेहोश है। होश में आने के बाद तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। मौके से उसका आधार कार्ड मिला है, जबकि स्कूटी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत पाई गई है, जिसकी तलाश जारी है।

साथियों के फरार होने की आशंका, जांच तेज
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन लेने के लिए तस्कर अकेला नहीं हो सकता। आशंका है कि उसके साथी आसपास मौजूद रहे होंगे, जो हादसे के बाद फरार हो गए। एजेंसियां ड्रोन के जरिए सप्लाई की पूरी कड़ी और स्थानीय नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं।

पंजाब में सख्ती, राजस्थान बना नया रास्ता
सूत्रों के मुताबिक, पंजाब सीमा पर कड़ी निगरानी के बाद तस्करों ने बीकानेर-श्रीगंगानगर बेल्ट को नया रूट बनाना शुरू कर दिया है। पिछले चार महीनों में ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ गिराए जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

चार महीने में ड्रोन तस्करी की घटनाएं

9 जनवरी: चक 40 केजेडी में हेरोइन बरामद
11 फरवरी: चक 1 बीएम क्षेत्र में हेरोइन मिली
26 फरवरी: चक 24 केएनडी में पिस्तौल और कारतूस बरामद
21 अप्रैल: पूगल मार्ग पर स्कूटी से 14 किलो हेरोइन बरामद

स्कूटी से तस्करी, सुरक्षा पर सवाल
जांच में सामने आया कि तस्करों ने चेकिंग से बचने के लिए बड़ी गाड़ी की बजाय स्कूटी का इस्तेमाल किया। रात की नाकाबंदी में छोटे वाहन पर कम शक होने का फायदा उठाया गया। इतनी बड़ी खेप का स्कूटी से निकलना सीमावर्ती इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

मामला दर्ज करने की तैयारी, आरोपी के होश में आने का इंतजार
पुलिस ने मामला दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है और घायल आरोपी के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है, जिससे पूरे नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद है।

administrator

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *