बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा: तमिलनाडु से ओडिशा तक बारिश का अलर्ट, मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा: तमिलनाडु से ओडिशा तक बारिश का अलर्ट, मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। जिसे ध्यान में रखकर आईएमडी ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। समुद्र में खराब मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन सोमवार शाम तक दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती हिस्सों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। आईएमडी  ने मंगलवार शाम तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान जताया है। इसके और अधिक तीव्र होने तथा अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की तरफ जाने की संभावना है।

तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, 17 और 20 नवंबर को उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 18 और 19 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इससे तमिलनाडु के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश में 18 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, 19 और 20 नवंबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश (21 सेंटीमीटर से अधिक) हो सकती है।

ओडिशा में भी भारी बारिश की चेतावनी:
आईएमडी के अनुसार, ओडिशा में 18 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की उम्मीद है। वहीं, 19 से 21 नवंबर के बीच ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश के कारण सड़कों पर पानी भरने और निचले इलाकों में जलभराव होने की आशंका है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
मौसम विभाग ने 20 नवंबर तक अंडमान सागर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के आसपास, बंगाल की खाड़ी तथा उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, यनम और ओडिशा के तटों पर समुद्र की स्थिति काफी खराब रहने की आशंका जताई है। मछुआरों को 17 नवंबर तक अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के आसपास के क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, 17 नवंबर तक दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, 16 से 19 नवंबर तक दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, 16 से 20 नवंबर तक मध्य बंगाल की खाड़ी और 19 व 20 नवंबर को उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में भी समुद्र में जाने से बचने को कहा गया है। तेज हवाओं के कारण थूथुकुडी मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक ने भी मछुआरों को अगली सूचना तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है। मछुआरे लगातार चौथे दिन तट पर रुके हुए हैं। गौरतलब है कि हाल ही में आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अन्य तटीय राज्यों में चक्रवात ‘अर्नब’ और ‘मुरसु’ आए थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *