आज बिहार बंद का कहां-कैसा असर, किन जिलों में इंटरनेट बंद? जानें हर अपडेट

आज बिहार बंद का कहां-कैसा असर, किन जिलों में इंटरनेट बंद? जानें हर अपडेट

आज बिहार बंद है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए हंगामे के अगले दिन पटना में हुए भारी उपद्रव की कड़ी में आज वामपंथी छात्र संगठनों के बंद को पहले वामदलों ने फिर पूरे महागठबंधन से समर्थन दिया है। इस कारण जनजीवन सुबह से प्रभावित है।

बिहार बंद का असर नालंदा में भी देखने को मिला। आइसा और आरवाईए (RYA) के नेतृत्व में करीब 20 प्रदर्शनकारियों की टीम सड़कों पर उतरी और बंद के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में “शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और “राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को भंग करो” जैसे नारों वाले बैनर लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा व्यवस्था और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

गया में सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी

गया में बंद का मिला जुला असर देखने को मिला। शहर में आइसा और आरवाईए के कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए हैं। सुबह से यह लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। गया पुलिस की ओर से पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती की गई है। 

बंद से पहले ही पटना में एहतियातन 19 गिरफ्तार

बिहार बंद में वामदलों की भूमिका को देखते हुए एक दिन पहले यानी 24 जुलाई की शाम में पटना पुलिस ने भाकपा माले के विधायक संदीप सौरभ, AISA के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय समेत 19 लोगों को गिरफ्तार किया। संदीप सौरभ को पुलिस ने उन्हें वीरचंद पटेल पथ स्थित उनके आवास से उठाया लिया था। इसके अलावा पटना पुलिस हॉस्टल में भी छापेमारी की थी। पटना डीएम ने स्पष्ट कहा है अशांति फैलाने वालों पर कार्रवाई करेंगे।

NEET Paper Leak है मुद्दा, धमेंद्र प्रधान का इस्तीफा है मांग

नीट पेपर लीक के कारणों की पड़ताल कर दोषियों को सजा देते हुए परीक्षा प्रणाली में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन ने बुधवार को पटना में हंगामा किया था। इस प्रदर्शन के दौरान जमकर तोड़फोड़ और पुलिस-मीडियाकर्मियों से मारपीट की गई थी। इसी कड़ी में आज बिहार बंद है। इस बंद को वामदलों के साथ ही महागठबंधन के राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी आदि ने समर्थन दिया है।

10 बजे से गयाजी में हो सकती है परेशानी

बिहार के गया जिले में अभी बड़ा प्रदर्शन शुरू नहीं हुआ है, लेकिन 10 बजे से सड़कों पर परेशानी हो सकती है। दस बजे सुबह गया कालेज के छात्र सड़क पर उतरेंगे। इसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बलों की तैनाती की गई है। किसी भी तरह के हंगामे को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दी गई है।

समस्तीपुर में लोगों के जागने से पहले ही प्रदर्शन शुरू

समस्तीपुर जिले के पटेल गोलंबर के समीप बंद समर्थक छात्र संगठनों की ओर से शनिवार को लोगों के जागने से पहले ही प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। इस दौरान केंद्र सरकार की शिक्षा नीति और नीट पेपर लीक मामले को लेकर गहराये आक्रोश के मद्देनजर बसों को रोककर यातयात बाधित किया और आगजनी कर बंद के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। समस्तीपुर से भारी संख्या में बसों का परिचालन होता है, इसलिए निशाने पर वही सबसे पहले है। ग्रामीण इलाकों से प्रदर्शनकारियों का जत्था शहर में आया हुआ है।

आसमान से ड्रोन भी रख रहा सभी पर नजर

मुजफ्फरपुर में एहतियातन इंटरनेट बंद करने के बाद भी सुरक्षा-व्यवस्था में कोताही नहीं बरती जा रही है। पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को किसी भी तरह से की गड़बड़ी को रोकने के लिए सीसीटीवी फुटेज के अलावा ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि आसमान से भी नजर रखी जा सके। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि पूरे शहर के संवेदनशील और अति संवेदनशील जगह को चिह्नित कर वहां पर फोर्स तैनात किए गए हैं। इसके अलावा शहर के सभी प्रमुख चौक चौराहों और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर पुलिस की तैनाती की गई है।

समस्तीपुर में सड़क पर आगजनी कर रास्ता बंद

राज्य के कुछ जिलों में सुबह से बंद का असर देखने को मिला है। समस्तीपुर में AISA और RYA के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और कई जगह आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। आम वाहनों की आवाजाही पर प्रदर्शनकारियों का डर साफ दिख रहा है। हालांकि राजधानी पटना में फिलहाल जनजीवन सामान्य बना हुआ है। सगुना मोड़, जगदेव पथ, राजा बाजार, बेली रोड, राजवंशी नगर, राजीव नगर, बोरिंग रोड और इनकम टैक्स चौराहे सहित अधिकांश इलाकों में यातायात सुचारु है और कई बाजारों में दुकानें भी सामान्य रूप से खुली हुई हैं। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

राजधानी पटना में क्या है स्थिति अभी?

राजधानी पटना में सभी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर सुरक्षा एजेंसियों की विशेष नजर है। डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, करगिल चौक, कोतवाली टी-पॉइंट, इनकम टैक्स चौराहा, वीरचंद पटेल पथ, अशोक राजपथ, राजवंशी नगर, आशियाना और मुख्यमंत्री आवास के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। जेपी गोलंबर पर वाटर कैनन के साथ करीब 200 जवानों की विशेष तैनाती की गई है। स्थानीय पुलिस के अलावा CISF, BSF, SSB और CRPF के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। विधानसभा, पटना जंक्शन, एयरपोर्ट, राजेंद्र नगर टर्मिनल और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *