बिहार में भीषण सड़क हादसा, पटना से ट्रेनिंग कर लौट रहे तीन थाना प्रभारियों समेत चार की मौत

बिहार में भीषण सड़क हादसा, पटना से ट्रेनिंग कर लौट रहे तीन थाना प्रभारियों समेत चार की मौत

अचानक तेज आवाज हुई। लोग समझ नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या। फिर देखा कि एक कार ने पीछे से ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। सड़क पर अफरातफरी का माहौल हो गया। लोगों ने देखा कि गाड़ी में सवार सभी लोग पुलिसवाले हैं।

बिहार के बेगूसराय में एनएच-31 पर हुए एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन थाना प्रभारियों समेत चार लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक पुलिस अधिकारी पटना से एक दिवसीय सरकारी प्रशिक्षण पूरा कर वापस अपने जिले लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। टक्कर इतनी भयावह थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अधिकारी की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मृतकों में मधेपुरा के  बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, मधेपुरा के ही आरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर, सरकारी वाहन के चालक नीरज कुमार और मधेपुरा के ही रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान शामिल थे। साजन की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। 

साहेबपुर कमाल के पास हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत बखड्डा के पास नेशनल हाईवे 31 पर हुआ।बताया जाता है कि मधेपुरा जिले के विभिन्न थानों में तैनात पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी एक सरकारी गाड़ी से वापस मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान बखड्डा के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जोरदार तरीके से जा टकराई।

घटनास्थल पर पहुंचे आला अधिकारी
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। जानकारी मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडेय के साथ कई थानों की पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। आननफानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि मधेपुरा के  बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार,  आरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर और सरकारी वाहन के चालक नीरज कुमार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। अब पुलिस शवों के पोस्टमोर्टम की प्रक्रिया कर रही है।

तेज रफ्तार और कार अनियंत्रित होने से हुई घटना 
घटना के संबंध में बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार ने बताया कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। सड़क दुर्घटना में मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारियों और उनके चालक समेत कुल चार लोगों की मृत्यु हुई है। ये सभी अधिकारी पटना से एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र में भाग लेकर वापस मधेपुरा लौट रहे थे, तभी साहेबपुर कमाल क्षेत्र में इनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण वाहन की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना सामने आ रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस महकमे में शोक की लहर
एक साथ तीन होनहार थाना प्रभारियों और चालक की इस तरह असमय मौत से बिहार पुलिस एसोसिएशन और पूरे पुलिस महकमे में गहरा शोक है। मधेपुरा और बेगूसराय, दोनों ही जिलों में इस घटना के बाद से मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस प्रशासन मृतकों के परिजनों को सूचित कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *