बिहार में राज्य सरकार ने सात निश्चय-3 के चौथे संकल्प ‘उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य’ के तहत सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। पहले चरण में 213 ऐसे प्रखंडों में कॉलेज खोले जाएंगे, जहां अब तक कोई डिग्री कॉलेज नहीं है। यह जानकारी सीएम नीतीश कुमार ने X पर पोस्ट साझा करते हुए दी है।
बिहार में नए डिग्री कॉलेजों के खोलने को लेकर अच्छी खबर है। सीएम नीतीश कुमार ने इसको लेकर अपने एक्स के खाते पर एक पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट के जरिए बड़ा एलान किया है। चलिए बता रहे हैं इस विषय पर उन्होंने क्या-क्या कहा है…?
सीएम एक्स पर लिखते हैं कि सात निश्चय-3 के चौथे निश्चय ‘उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य‘ के तहत राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया गया है ताकि छात्रों विशेषकर लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा हो। अभी भी राज्य के सभी 534 प्रखण्डों में से 213 प्रखण्डों में कोई भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज नहीं हैं। इस क्रम में हमलोगों ने प्रथम चरण में ऐसे सभी 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने तथा जुलाई 2026 तक पढ़ाई शुरू करने का निर्देश दिया है।
देखें सूची यहां– https://spiderimg.amarujala.com/assets/applications/2026/02/04/213-blocks-without-college_698345272e5a5.pdf
राज्य के पुराने प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने का भी निर्णय लिया गया है। इसके तहत कुल 55 शिक्षण संस्थानों का चयन किया गया है। इन प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के उन्नयन के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्रवाई की जा रही है।

इन संस्थानों के पुराने अनुभवी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से विमर्श एवं उनका सुझाव प्राप्त कर आगे की कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है। राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना से उच्च शिक्षा ग्रहण में लड़कियों को काफी सुविधा मिलेगी, साथ ही प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विकसित किए जाने से युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा पाने में सहूलियत मिलेगी तथा इन संस्थानों का गौरव भी पुनर्स्थापित होगा। इससे राज्य के चहुंमुखी विकास में काफी सहयोग मिलेगा।



