बिहार में रफ्तार का कहर: कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने कुचला, पांच की मौत; एक की हालत नाजुक

बिहार में रफ्तार का कहर: कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने कुचला, पांच की मौत; एक की हालत नाजुक

सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे कीर्तन कर रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क और सदर अस्पताल में हंगामा किया।

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कटैया चौक के समीप NH-327E पर सड़क किनारे कीर्तन कर रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

झूलन पूजा के दौरान कीर्तन कर रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार, कटैया चौक के पास झूलन पूजा के मौके पर कुछ लोग सड़क किनारे कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित हो गई और कीर्तन कर रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में तिलो दास, राजो दास और सुरेंद्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इलाज के दौरान दो और लोगों ने तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल भुवनेश्वरी यादव और कृष्णा साह की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह घटना में अब तक कुल पांच लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, घायल रामचंद्र यादव को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद सड़क पर उतरे लोग, NH-327E किया जाम
हादसे की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। दुर्घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने विरोध में सड़क जाम कर दिया। इससे NH-327E पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और जाम हटाने की कोशिश शुरू की।

सदर अस्पताल में भी हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल के साथ देर रात एसडीएम और एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गए। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सुपौल सदर अस्पताल में भी जमकर हंगामा किया। इसके बाद डीएम सावन कुमार और एसपी सरथ आरएस सदर अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों से बातचीत की। अधिकारियों ने घटना की जांच और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *