बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों अलग-अलग जॉनर की फिल्मों की टक्कर देखने को मिल रही है। हालांकि, इनमें हॉलीवुड फिल्म सुपरमैन बॉलीवुड की ‘मालिक’ और ‘आंखों की गुस्ताखियां’ पर भारी पड़ती नजर आ रही है। जानते हैं मंगलवार को क्या रहा बॉक्स ऑफिस का हाल।
मालिक
राजकुमार राव का गैंगस्टर अवतार लोगों को धीरे-धीरे लुभा रहा है। सोमवार को जहां फिल्म ने 1.75 करोड़ की कमाई की थी। वहीं मंगलवार को इस कमाई में मामूली उछाल देखने को मिली। पांचवें दिन मंगलवार को फिल्म ने 2 करोड़ का कारोबार किया। इस तरह से पांच दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 18 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है।
सुपरमैन
हॉलीवुड फिल्म ‘सुपरमैन’ लगातार बॉलीवुड की फिल्मों पर भारी पड़ती नजर आ रही है। सोमवार को 2.30 करोड़ की कमाई करने वाली ‘सुपरमैन’ के कलेक्शन में मंगलवार मामूली उछाल देखने को मिला। पांचवें दिन फिल्म ने 2.75 करोड़ रुपए जुटाए। इस तरह से फिल्म की कमाई अब 31.05 करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है।
आंखों की गुस्ताखियां
‘मालिक’ और ‘सुपरमैन’ के साथ रिलीज हुई विक्रांत मैसी और शनाया कपूर की फिल्म ‘आंखों की गुस्ताखियां’ बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पा रही है। सोमवार को 15 लाख रुपए जुटा पाने वाली फिल्म मंगलवार को और भी नीचे आ गई और सिर्फ 11 लाख रुपए ही हासिल कर पाई। इस तरह से पांच दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन महज 1.56 करोड़ रुपए ही हो पाया है।
मेट्रो इन दिनों
अनुराग बसु की ‘मेट्रो इन दिनों’ धीमे-धीमे बॉक्स ऑफिस पर आगे बढ़ रही है। सोमवार को 1.25 करोड़ की कमाई करने वाली ‘मेट्रो इन दिनों’ की मंगलवार की कमाई में बढ़त देखने को मिली। अपने 12वें दिन मंगलवार को फिल्म ने 1.65 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इस तरह से 12 दिनों में फिल्म अब तक 41.40 करोड़ रुपए का कारोबार कर चुकी है।
जुरासिक वर्ल्ड रीबर्थ
हॉलीवुड फिल्म ‘जुरासिक वर्ल्ड रीबर्थ’ की मंगलवार की कमाई में भी उछाल देखने को मिली। सोमवार को 1.31 करोड़ की कमाई करने वाली फिल्म ने मंगलवार को अपने 12वें दिन 1.75 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इस तरह से फिल्म का कुल कलेक्शन अब 77.56 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है।



