पश्चिम एशिया में बीते 13-14 मई की दरम्यानी रात इस्राइल के हवाई हमलों से शुरू हुआ हिंसक संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 11 दिनों में 950 से अधिक लोग हताहत हो चुके हैं। अमेरिका भी सेना का इस्तेमाल कर ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले कर चुका है। ईरान ने अमेरिकी सैन्य अड्डों पर मिसाइलें दागीं। इसके बाद ट्रंप ने संघर्ष विराम का एलान किया। ईरान ने इस्राइल पर हमले शुरू कर दिए हैं
ट्रंप बोले- युद्ध विराम का न हो उल्लंघन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान-इस्राइल से अपील की है। उन्होंने पोस्ट किया कि युद्धविराम अब प्रभावी है। कृपया इसका उल्लंघन न करें।
ईरानी हमले में सात लोगों की मौत
इस्राइल की आपातकालीन सेवा ने कहा कि बीरशेवा में हुए ईरानी हमले में सात लोगों की मौत हो गई है। जबकि 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
इस्राइल का हवाई क्षेत्र अगले आदेश तक बंद
इस्राइल हवाई अड्डा प्राधिकरण ने कहा कि ईरान की ओर से की गई बमबारी के कारण उन्हें हवाई क्षेत्र को सभी यात्री विमानों के लिए बंद करना पड़ा। इनके मंगलवार को उतरने और उड़ान भरने की उम्मीद थी। कुछ उड़ानों को भूमध्य सागर के ऊपर चक्कर लगाने के लिए बाध्य होना पड़ा।
ईरान ने किया संघर्ष विराम का एलान
इस्राइल पर हमलों के बाद अब ईरान ने संघर्ष विराम का एलान कर दिया है। ईरान ने कहा कि हमने आखिरी मिसाइल हमले पूरे कर लिए हैं।
इस्राइल से दिल्ली पहुंचे 161 भारतीय नागरिक
ऑपरेशन सिंधू के तहत 161 भारतीय नागरिकों को इस्राइल से लेकर पहली उड़ान दिल्ली पहुंची। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ट्वीट किया कि ऑपरेशन सिंधु का इस्राल चरण 23 जून, 2025 को शुरू हुआ। इसमें जॉर्डन से 161 भारतीय नागरिकों का पहला जत्था स्वदेश लाया गया। हवाई अड्डे पर, राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने उनका स्वागत किया।
इस्राइल से लौटे बुजुर्ग दंपती त्रियंबक कोली ने कहा कि मुझे इस्राइल में डेढ़ महीना हो गया था। वहां अचानक स्थिति बिगड़ गई। हम दिन के किसी भी समय विस्फोटों की आवाज सुन सकते थे। हम डर गए थे। अब हम वापस आ गए हैं। हम प्रधानमंत्री मोदी के बहुत आभारी हैं। हम अपने बेटे के नवजात शिशु से मिलने वहां गए थे। वे इस्राइल में ही रहेंगे। वे वापस नहीं आएंगे। हम वापस आ गए हैं। स्थिति अभी भी बिगड़ रही है। उनकी पत्नी कहती हैं कि हमने आसमान में बम (मिसाइल) देखे। उनमें से छह हमारे सिर के ऊपर से गुजरे। जब हमने यह देखा तो हम छिप गए थे। हम प्रधानमंत्री मोदी के बहुत आभारी हैं।
ट्रंप की ओर से ईरान को दी गई समयसीमा पूरी
इस्राइल-ईरान संघर्षविराम के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान को दी गई समयसीमा पूरी हो गई है। अब अगर ईरान हमले नहीं करता है तो संघर्षविराम शुरू माना जाएगा।
इस्राइल के बीरशेवा में एक इमारत पर ईरानी मिसाइल गिरी है। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई है।
ईरान से लौटीं पंजाब की बलजिंदर कौर ने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है। अपना देश अपना ही है। लेकिन ईरान में हमें कभी कोई मुश्किल नहीं आई। पिछले कुछ दिनों में हालात बदल गए हैं, वरना हम वहां भी सुरक्षित हैं। मैं 21 साल से वहां रह रही हूं और हिंदी टीचर के तौर पर काम करती हूं। यह गर्व की बात है कि जब भी देश या उसके नागरिक मुश्किल में पड़ते हैं, तो सरकार उनके साथ खड़ी होती है। इसलिए हम उनके आभारी हैं। हम राजदूत और दूतावास के कर्मचारियों के आभारी हैं जिन्होंने हमें सुरक्षित यहां पहुंचाया।
ईरान से लौटे 292 भारतीय नागरिक
ईरान के मशहद से 292 भारतीय नागरिकों को लेकर विशेष विमान नई दिल्ली पहुंचा। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अब तक 2295 भारतीय नागरिकों को ईरान से स्वदेश लाया जा चुका है।
इस्राइली सेना ने कहा- ईरान ने दागीं मिसाइलें
इस्राइली सेना ने अपनी जनता को चेतावनी दी कि ईरान ने उसकी ओर मिसाइलें दागी हैं, जबकि प्रस्तावित युद्धविराम अधर में लटका हुआ है। यह प्रक्षेपण तेहरान के स्थानीय समयानुसार सुबह 4 बजे के बाद किया गया। तब ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा था कि यदि इस्राइल हवाई हमले बंद कर दे तो ईरान हवाई हमले रोक देगा।



