सिलेंडर से लगी आग, 200 झुग्गियां जलकर राख; आंखों के सामने अपना सब कुछ जलता देख बिलख पड़े लोग

सिलेंडर से लगी आग, 200 झुग्गियां जलकर राख; आंखों के सामने अपना सब कुछ जलता देख बिलख पड़े लोग

लखनऊ के श्याम विहार कॉलोनी में आग लगने से करीब 200 झुग्गियां चपेट में आ गईं। घटना से मौके पर चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची छह गाड़ियों की मदद से दमकलकर्मी आग बुझाने में जुट गए। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन, तब तक झुग्गियों का सामान जलकर राख हो गया था। 

राजधानी लखनऊ में सोमवार को सिलेंडर से लगी आग से एक के बाद एक करीब 200 झुग्गियां चपेट में आ गईं। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली। आग की लपटों से सड़क के दूसरे ओर बने एक घर का भी कुछ सामान जल गया। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोग घरों से निकलकर सड़क पर आ गए। कुछ लोग छतों पर चढ़ गए। 

घटना फैजुल्लागंज थाना क्षेत्र के श्याम विहार कॉलोनी की है। सूचना पर दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों के साथ नगर निगम के कर्मी भी आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। किसी भी प्रकार की अनहोनी की आशंका के चलते मौके पर पांच एंबुलेस भी बुला ली गईं। घंटों की मशक्कत के बाद करीब-करीब आग पर काबू पा लिया गया है।  

बताया गया कि झुग्गी में रहने वाले लोग सुबह घर में खाना बना रहे थे। इसी समय एक छोटे सिलेंडर (पांच किग्रा) में आग लग गई। आग छप्पर में फैल गई। तेज हवा के कारण एक के बाद एक झुग्गी में फैलती गई। आग से कई और घरों के सिलेंडर ब्लास्ट हो गए। 

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। करीब 200 झुग्गियां जलने लगीं। आग की लपटों में फंसे लोग जान बचाकर दूर भागे। लपटें इतनी तेज थीं कि सड़क के दूसरी ओर बने घर तक पहुंच गई। उस घर का भी सामान जल गया।  इधर 200 झुग्गियों में रहने वाले लोगों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। परिवार के लोग आंखों के सामने गृहस्थी जलती देख बिलख उठे। लोग उन्हें ढांढस बंधाते रहे।

घंटों की मशक्कत के बाद करीब-करीब आग पर काबू पा लिया गया है। कुछ सामान है जिसमें अभी आग धधक रही है। उसे बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *