रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ाए हुए है। क्या वीकेंड क्या वीक डे, फिल्म हर दिन अच्छी कमाई कर रही है। जानिए अब मंगलवार को फिल्म का रहा कैसा प्रदर्शन…
बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ का जलवा देखने को मिल रहा है। फिल्म शुरुआती पांच दिनों में ही 150 करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर चुकी है। जबकि फिल्म के सामने सिर्फ धनुष की ‘तेरे इश्क में’ बनी हुई है, जो बॉक्स ऑफिस पर 11 दिन बिता चुकी है। अब जानते हैं मंगलवार का दिन इन दोनों फिल्मों के लिए कैसा बीता…
धुरंधर
‘धुरंधर’ पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए हुए हैं। अब फिल्म ने पांचवें दिन मंगलवार को भी जबरदस्त कमाई की है। मंगलवार को फिल्म ने 26.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। जबकि अब बुधवार को भी फिल्म सुबह-सुबह ही 4 लाख रुपए हासिल कर चुकी है। इस तरह से पांच दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 152.79 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है।
कलेक्शन 150 करोड़ रुपए पार
‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी शुरुआत 28 करोड़ रुपए के साथ की थी। इसके बाद फिल्म ने दूसरे दिन शनिवार को 32 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया, जबकि रविवार को फिल्म ने गर्दा ही उड़ा दिया और 43 करोड़ रुपए कमा डाले। इस तरह से तीन दिनों में ही फिल्म ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था। इसके बाद सोमवार को भी फिल्म ने 23.25 करोड़ रुपए कमाए और अब मंगलवार को फिल्म के कलेक्शन में बढ़ोत्तरी हुई। पांचवें दिन फिल्म ने 26.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म ने पांच दिनों में 150 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर लिया।

तेरे इश्क में
‘धुरंधर’ की धुआंधार कमाई के बावजूद धनुष और कृति सेनन की ‘तेरे इश्क में’ बॉक्स ऑफिस पर बनी हुई है। फिल्म अपने दूसरे हफ्ते में है और 12 दिन बॉक्स ऑफिस पर बिता चुकी है। बेशक ‘धुरंधर’ की रिलीज के बाद फिल्म की रफ्तार धीमी पड़ी है, लेकिन ‘तेरे इश्क में’ अभी भी करोड़ों में कमा रही है।

कलेक्शन
‘तेरे इश्क में’ ने 12वें दिन मंगलवार को 2.85 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। इससे पहले सोमवार को फिल्म की कमाई 2.40 करोड़ रुपए रही थी। ऐसे में अब 12 दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 105.25 करोड़ रुपए हो गया है।



