अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का एलान कर दिया है। दोनों देशों के बीच टैरिफ लागू होने की समयसीमा 01 अगस्त को समाप्त हो रही है। इस बीच दोनों देश एक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश में जुटे थे, लेकिन यह अब तक फाइनल नहीं हो सका है। ट्रंप ने 25% टैरिफ का एलान सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रूथ पर किया। यह टैरिफ एक अगस्त से लागू होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति के इस एलान का भारत पर क्या असर पड़ेगा, आइए विस्तार से समझने की कोशिश करते हैं। पहले जानते हैं ट्रंप ने भारत पर टैरिफ लगाने का एलान करते हुए क्या कहा है?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर भारत के लिए 25% टैरिफ का एलान करते हुए ट्रंप ने लिखा, “याद रखें, भारत हमारा मित्र है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में हमने उसके साथ अपेक्षाकृत कम व्यापार किया है क्योंकि उसके टैरिफ बहुत ज्यादा हैं, दुनिया में सबसे ज्यादा हैं, और किसी भी देश की तुलना में उसके यहां सबसे कठोर और अप्रिय गैर-मौद्रिक व्यापार प्रतिबंध हैं। इसके अलावा, उसने हमेशा अपने सैन्य उपकरणों का एक बड़ा हिस्सा रूस से ही खरीदा है, और चीन के साथ, वह रूस का ऊर्जा का सबसे बड़ा खरीदार है, वो भी ऐसे समय में जब हर कोई चाहता है कि रूस यूक्रेन में हत्याएं रोके- सब कुछ ठीक नहीं है! इसलिए भारत को पहली अगस्त से 25% टैरिफ और उपरोक्त सभी के लिए जुर्माना देना होगा। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर टैरिफ लगाने के संकेत डोनाल्ड एक दिन पहले मंगलवार को ही दे दिए थे। जब उनसे एक पत्रकार ने पूछा कि क्या भारत 20-25 फीसदी के बीच उच्च टैरिफ का भुगतान करने वाला है, ट्रंप ने जवाब दिया था, “हां, मुझे ऐसा लगता है। भारत हमारा मित्र देश है। उन्होंने मेरे अनुरोध पर पाकिस्तान के साथ युद्ध समाप्त कर दिया पर भारत के साथ समझौता अंतिम रूप नहीं ले सकता है। भारत एक अच्छा मित्र होने के बावजूद किसी भी अन्य देश की तुलना में अधिक टैरिफ लगाए हैं।”



