फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप घोषित: स्पेन-पुर्तगाल समेत ये बड़ी टीमें ग्रुप ऑफ डेथ में, 19 जुलाई को होगा फाइनल

फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप घोषित: स्पेन-पुर्तगाल समेत ये बड़ी टीमें ग्रुप ऑफ डेथ में, 19 जुलाई को होगा फाइनल

फीफा विश्व कप 2026 हर मायने में ऐतिहासिक होने वाला है। इस बार सबसे अधिक टीमें, कई नए देश, बड़े स्टार और भव्य आयोजन इस टूर्नामेंट में चार चांद लगाएगा। फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह टूर्नामेंट रोमांच और जुनून से भरा महोत्सव साबित होगा।

फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप औपचारिक रूप से घोषित कर दिए गए हैं। यह घोषणा वॉशिंगटन डीसी में आयोजित भव्य ड्रॉ समारोह के दौरान हुई। इसी के साथ दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट के कार्यक्रम से पर्दा उठ गया। इस बार विश्व कप का उद्घाटन मुकाबला 11 जून 2026 को मेक्सिको सिटी में खेला जाएगा, जिसमें मेजबान देश मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने होंगे। यह पहला मौका होगा जब तीन देश अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा, साझा रूप से विश्व कप का आयोजन कर रहे हैं।

ड्रॉ समारोह में चकाचौंध और सितारों की मौजूदगी
यह ड्रॉ पूरी तरह सितारों से सजा हुआ कार्यक्रम था। मंच पर खेल जगत और मनोरंजन उद्योग की कई जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध कलाकारों और संगीतकारों की प्रस्तुतियों ने समारोह को दुनिया भर में खास बना दिया।

उत्साह बढ़ाने वाले मुकाबले:
ड्रॉ के बाद कई मुकाबले चर्चा में आ गए हैं। गत चैंपियन अर्जेंटीना को ग्रुप जे, स्पेन को ग्रुप एच, फ्रांस को आई, जर्मनी को ग्रुप ई, पुर्तगाल को ग्रुप के और इंग्लैंड को ग्रुप एल में रखा गया है। ग्रुप-एच, ग्रुप आई, ग्रुप-जे, ग्रुप-के और ग्रुप-एल को ग्रुप ऑफ डेथ माना जा रहा है। स्पेन के साथ ग्रुप में उरुग्वे और सउदी अरब जैसी टीम है, जिसने पिछले विश्व कप में कुछ उलटफेर किए थे। वहीं, फ्रांस के ग्रुप में सेनेगल और नॉर्वे जैसी टीमें हैं। पुर्तगाल को उज्बेकिस्तान और कोलंबिया जैसी टीमों के ग्रुप में रखा गया है। इंग्लैंड के ग्रुप में घाना, क्रोएशिया और पनामा है। इसके अलावा इस बार के टूर्नामेंट में केप वर्डे, कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान जैसी नई टीमें भी शामिल हैं, जो सीधे दिग्गज टीमों से भिड़ेंगी।

ग्रुप इस प्रकार हैं

ग्रुपशामिल टीमें
ग्रुप Aमेक्सिको, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, यूरोप प्लेऑफ डी विजेता
ग्रुप Bकनाडा, यूरोप प्लेऑफ ए विजेता, कतर, स्विट्जरलैंड
ग्रुप Cब्राजील, मोरक्को, हैती, स्कॉटलैंड
ग्रुप Dअमेरिका, पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप प्लेऑफ सी विजेता
ग्रुप Eजर्मनी, कुराकाओ, कोट द’ईवोआर, इक्वाडोर
ग्रुप Fनीदरलैंड, जापान, यूरोप प्लेऑफ बी विजेता, ट्यूनीशिया
ग्रुप Gबेल्जियम, मिस्र, ईरान, न्यूजीलैंड
ग्रुप Hस्पेन, केप वर्डे, सऊदी अरब, उरुग्वे
ग्रुप Iफ्रांस, सेनेगल, अंतरमहाद्वीपीय प्लेऑफ 2 विजेता, नॉर्वे
ग्रुप Jअर्जेंटीना, अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया, जॉर्डन
ग्रुप Kपुर्तगाल, अंतरमहाद्वीपीय प्लेऑफ 1 विजेता, उज्बेकिस्तान, कोलंबिया
ग्रुप Lइंग्लैंड, क्रोएशिया, घाना, पनामा

नए प्रारूप के अनुसार आगे बढ़ने का नियम
इस बार विश्व कप में कुल 48 टीमें भाग ले रही हैं। इसमें से प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सीधे अगले चरण में जाएंगी और सर्वश्रेष्ठ आठ तीसरे स्थान वाली टीमें भी नॉकआउट राउंड में प्रवेश पाएंगी इस तरह कुल 32 टीमें आगे बढ़ेंगी। राउंड ऑफ 32 के बाद राउंड ऑफ 16 और क्वार्टर फाइनल खेला जाएगा। फिर सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला होगा। फाइनल उत्तर अमेरिका के सबसे बड़े स्टेडियमों में से एक में आयोजित होगा।

अब भी छह टीमों का क्वालिफाई करना बाकी
विश्व कप में शामिल होने वाली अंतिम छह टीमों का चयन आगामी प्लेऑफ के बाद मार्च 2026 तक होगा। इनमें यूरोप और अंतरमहाद्वीपीय प्लेऑफ शामिल हैं।

फीफा ने बड़ी टीमों को दिया फायदा
फीफा ने अगले साल होने वाले 2026 फुटबॉल वर्ल्ड कप के ड्रॉ को लेकर कुछ बदलाव किए हैं। फीफा ने इस ड्रॉ में पहली बार टेनिस-स्टाइल नॉकआउट ब्रैकेट सिस्टम लागू किया है, जिसके तहत दुनिया की शीर्ष चार टीमें स्पेन, अर्जेंटीना, फ्रांस और इंग्लैंड को अलग-अलग हिस्सों में रखा जाएगा। इसका मतलब है कि अगर ये चारों टीमें अपने ग्रुप में पहला स्थान हासिल करती हैं, तो वे सेमीफाइनल से पहले एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खेलेंगी। फीफा के मुताबिक, इस नए सिस्टम का उद्देश्य है लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों को रैंकिंग के आधार पर फायदा देना। साथ ही बड़े मुकाबलों को अंतिम चरण तक सुरक्षित रखना। इसे टूर्नामेंट को प्रतिस्पर्धात्मक और संतुलित बनाने में मदद मिलेगी। फीफा ने बयान में कहा, ‘दो अलग-अलग रास्ते तैयार किए गए हैं ताकि शीर्ष टीमों के बीच संतुलन बना रहे और योग्य प्रदर्शन को सम्मान मिले।’

महत्त्वपूर्ण तारीखें

  • ग्रुप चरण: 11 से 27 जून
  • 32 टीमों का दौर: 28 जून से 3 जुलाई
  • प्री-क्वार्टर फाइनल: 4 से 7 जुलाई
  • क्वार्टर फाइनल: 9 से 11 जुलाई
  • सेमीफाइनल: 14 और 15 जुलाई
  • तीसरे स्थान के लिए मुकाबला: 18 जुलाई
  • फाइनल मुकाबला: 19 जुलाई
administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *