ब्लड टेस्ट में बार-बार आ रहा है हाई कोलेस्ट्राल, किचन की ये गलतियां तो नहीं हैं इसकी वजह?

ब्लड टेस्ट में बार-बार आ रहा है हाई कोलेस्ट्राल, किचन की ये गलतियां तो नहीं हैं इसकी वजह?

अगर आपके ब्लड टेस्ट में बार-बार हाई कोलेस्ट्रॉल आ रहा है, तो इसकी वजह सिर्फ बाहर का जंक फूड ही नहीं बल्कि आपकी किचन में होने वाली कुछ रोजमर्रा की गलतियां भी हो सकती हैं।

हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या मौजूदा समय में काफी आम होती जा रही है, ये दिल की सेहत के लिए बहुत हानिकारक स्थिति मानी जाती है। पहले ये बुजुर्गों में होने वाली दिक्कत मानी जाती थी हालांकि अब कम उम्र के लोग यहां तक कि 20 से कम आयु वालों में देखी जानी वाली समस्या बन गई है।

कोलेस्ट्रॉल वैसे तो हमारे शरीर का हिस्सा है और शरीर के लिए पूरी तरह नुकसानदायक नहीं है। कई तरह के हार्मोन बनाने, कोशिकाओं को मजबूत रखने और पाचन में ये मदद करता है। हालांकि समस्या तब पैदा होती है जब शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल यानी एलडीएल का स्तर बढ़ जाता है। क्या आपके ब्लड टेस्ट में भी अक्सर कोलेस्ट्रॉल का स्तर हाई बना रहता है? इसे कंट्रोल कैसे किया जाए, आइए इसके बारे में जानते हैं।

बैड कोलेस्ट्रॉल सेहत के लिए खतरनाक

शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का सबसे बड़ा कारण खानपान में गड़बड़ी को माना जाता है। जो लोग ज्यादा तला-भुना खाना, ट्रांस फैट, रिफाइंड ऑयल, फास्ट फूड और जरूरत से ज्यादा घी-मक्खन का सेवन करते हैं उनमें बैड कोलेस्ट्रॉल की समस्या अधिक देखी जाती है। शारीरिक मेहनत की कमी, घंटों बैठे रहना, मोटापा, धूम्रपान और शराब का सेवन भी कोलेस्ट्रॉल लेवल को बढ़ाने वाला हो सकता है। क्या आप जानते हैं कि आपके किचन की कुछ गलतियां भी इस बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल का कारण हो सकती हैं जिनपर हम सभी ध्यान नहीं देते हैं।

ज्यादा तेल-मक्खन तो नहीं खा रहे आप

अगर आप भी तेल या मक्खन का अधिक सेवन करते हैं तो सावधान हो जाइए, ये आदत ब्लड कोलेस्ट्रॉल लेवल को हाई करने वाली हो सकती है।

  • मक्खन में सैचुरेटेड फैट ज्यादा होता है, जिसके अधिक सेवन से आपका कोलेस्ट्रॉल लेवल तेजी से बढ़ने लगता है।
  • ज्यादा तली हुई चीजें खाना कम कर दें, ये दिल की सेहत के लिए ठीक नहीं है। विशेषतौर पर रिफाइंड ऑयल सेहत के लिए बहुत हानिकारक है।

प्रोसेस्ड चीजें ज्यादा खाना नुकसानदायक

पैकेज्ड मसाले, रेडीमेड सॉस और प्रोसेस्ड फूड का इस्तेमाल को भी बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने वाला माना जाता है।

  • प्रोसेस्ड फूड में फैट, नमक और प्रिजर्वेटिव्स होते हैं जो कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। 
  • लगातार ऐसा खाना खाने से न सिर्फ वजन बढ़ता है, बल्कि हार्ट से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
  • कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए जरूरी है कि भोजन में फाइबर से भरपूर अनाज, फल और सब्जियों को मात्रा बढ़ाएं।

कुकिंग ऑयल बार-बार इस्तेमाल करना खतरनाक

कई घरों में एक ही कुकिंग ऑयल को दोबारा और कई बार इस्तेमाल किया जाता है। यह आदत भी कोलेस्ट्रॉल बढ़ाने की सबसे बड़ी वजहों में से एक मानी जाती है। 

  • जब तेल को बार-बार गर्म किया जाता है, तो उसमें ट्रांस फैट और फ्री रेडिकल्स बन जाते हैं। 
  • ये तत्व शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को तेजी से बढ़ाते हैं। इसके अधिक सेवन से कैंसर तक का खतरा हो सकता है। 
  • बार-बार गरम किया गया तेल दिल की धमनियों में सूजन और फैट जमा होने की प्रक्रिया को तेज कर देता है। 

हाई कोलेस्ट्रॉल से कैसे बचें

कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल के लिए संतुलित डाइट सबसे जरूरी है। रोजाना हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज, ओट्स और दालें खाने से बैड कोलेस्ट्रॉल कम होता है। सही मात्रा में हेल्दी फैट जैसे नट्स, बीज और मछली को डाइट में शामिल करना फायदेमंद होता है। इसके अलावा रोज कम से कम 30 मिनट वॉक या एक्सरसाइज करें और धूम्रपान-शराब से दूरी बनाएं।




—————————
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *