‘अगर इस्राइल हमले बंद कर देता है तो ईरान भी शांत बैठेगा’; ट्रंप के सीजफायर के एलान के बाद अराघची का बयान

‘अगर इस्राइल हमले बंद कर देता है तो ईरान भी शांत बैठेगा’; ट्रंप के सीजफायर के एलान के बाद अराघची का बयान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस्राइल और ईरान के बीच 12 दिन से जारी संघर्ष पर विराम का एलान किया। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक के बाद एक कई पोस्ट किए। इनमें उन्होंने यह भी बताया कि यह संघर्ष विराम कैसे हुआ और क्यों इसका एलान ट्रंप ने किया। इस बीच शुरुआत में ईरान ने ट्रंप के दावों का खंडन किया। हालांकि, बाद में उसके बयानों से संघर्ष विराम के संकेत मिलने लगे।

ईरान के विदेश मंत्री ने मंगलवार को कहा कि अगर इस्राइल स्थानीय समयानुसार सुबह 4 बजे तक अपने हवाई हमले बंद कर देता है तो तेहरान भी अपने हमले बंद कर देगा। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची की टिप्पणी ईरान की ओर से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान और इस्राइल के बीच युद्ध विराम के दावे पर पहली आधिकारिक टिप्पणी है। अराघची ने तेहरान समयानुसार सुबह 4:16 बजे सोशल प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपना संदेश भेजा।

अराघची ने लिखा, ‘अभी तक किसी भी युद्ध विराम या सैन्य अभियानों को रोककने पर कोई समझौता नहीं हुआ है। हालांकि, बशर्ते कि इस्राइली शासन ईरानी लोगों के खिलाफ अपने अवैध आक्रमण को तेहरान समय के अनुसार सुबह 4 बजे से पहले बंद कर दे, उसके बाद हमारा जवाबी कार्रवाई जारी रखने का कोई इरादा नहीं है।’ अराघची ने कहा कि हमारे सैन्य अभियानों को रोकने पर अंतिम निर्णय बाद में लिया जाएगा।

एक अन्य पोस्ट में ईरानी विदेश मंत्री ने चल रहे संघर्ष में अपनी भूमिका के लिए देश के सशस्त्र बलों की प्रशंसा की। अराघची ने कहा, ‘इस्राइल को उसके आक्रमण के लिए दंडित करने के लिए हमारे शक्तिशाली सशस्त्र बलों के सैन्य अभियान सुबह 4 बजे तक जारी रहे। सभी ईरानियों के साथ मैं अपने बहादुर सशस्त्र बलों को धन्यवाद देता हूं, जो अपने खून की आखिरी बूंद तक हमारे प्यारे देश की रक्षा के लिए तैयार रहते हैं और जिन्होंने दुश्मन के किसी भी हमले का आखिरी मिनट तक जवाब दिया।’

डोनाल्ड ट्रंप के एलान के बाद ईरान की प्रतिक्रिया
घटनाक्रम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे के बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान और इस्राइल दोनों ने लगभग छह घंटे में प्रभावी होने वाले पूर्ण और समग्र युद्धविराम पर सहमति जताई है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, ‘सभी को बधाई! इस्राइल और ईरान के बीच इस बात पर पूरी तरह से सहमति बन गई है कि 12 घंटे के लिए पूर्ण और समग्र युद्धविराम होगा। अब से लगभग 6 घंटे बाद जब इस्राइल और ईरान अपने अंतिम मिशनों को पूरा कर लेंगे। इसके बाद युद्ध को समाप्त माना जाएगा!’ 

’24 घंटों में दुश्मनी पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी’
ट्रंप के मुताबिक, सबसे पहले ईरान युद्धविराम की पहल करेगा, उसके बाद इस्राइल इस पर अमल करेगा, जिसके परिणामस्वरूप अगले 24 घंटों के भीतर शत्रुता पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा, ‘आधिकारिक तौर पर ईरान युद्ध विराम की शुरुआत करेगा और 12वें घंटे तक इस पर अमल करेगा। इसके बाद इस्राइल युद्ध विराम की शुरुआत करेगा और 12 घंटे तक शांत रहेगा। ऐसे में 24 घंटे के विराम के बाद ’12 दिवसीय युद्ध’ के आधिकारिक अंत को दुनिया सलाम करेगी। प्रत्येक युद्ध विराम के दौरान दूसरा पक्ष शांतिपूर्ण और सम्मानजनक बना रहेगा। इस धारणा पर कि सब कुछ वैसा ही काम करेगा जैसा होना चाहिए, जो होगा, मैं दोनों देशों इस्राइल और ईरान को ’12 दिवसीय युद्ध’ कहे जाने वाले संघर्ष को समाप्त करने के लिए सहनशक्ति, साहस और बुद्धिमत्ता रखने के लिए बधाई देना चाहता हूं। यह एक ऐसा युद्ध है, जो वर्षों तक चल सकता था और पूरे मध्य पूर्व को नष्ट कर सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और कभी नहीं होगा!’ 

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *