भारत ने स्थापित किया नया कीर्तिमान, शुभमन गिल ने तोड़ा 59 साल पुराना रिकॉर्ड

भारत ने स्थापित किया नया कीर्तिमान, शुभमन गिल ने तोड़ा 59 साल पुराना रिकॉर्ड

भारत ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पहली बार किसी टेस्ट सीरीज में पांच भारतीय बल्लेबाजों ने 400 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में कप्तान शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा, केएल राहुल, ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल शामिल रहे। वहीं, गिल ने वेस्टइंडीज के महान सर गैरी सोबर्स का 59 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। 

टीम इंडिया 1932 से टेस्ट क्रिकेट खेल रही है और 93 साल में पहली बार एक टेस्ट सीरीज में पांच भारतीय बल्लेबाजों ने 400+ रन बनाए हैं। इस लिस्ट में सबसे आगे रहे शुभमन गिल, जिन्होंने 10 पारियों में 754 रन ठोके। उनके बाद केएल राहुल ने 10 पारियों में 532 रन, रवींद्र जडेजा ने 516 रन, ऋषभ पंत ने सिर्फ सात पारियों में 479 रन और यशस्वी जायसवाल ने 10 पारियों में 411 रन बनाए। यह आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि भारतीय बल्लेबाजों की निरंतरता और सामूहिक प्रदर्शन ने टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। भारत ने अपने प्रदर्शन से न सिर्फ विरोधी टीम पर दबाव बनाया, बल्कि यह दिखाया है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य उज्ज्वल है।

इस सीरीज से पहले किसी क्रिकेट पंडित ने टीम इंडिया को पसंदीदा नहीं बताया था और कहा था कि इंग्लैंड की टीम सीरीज जीतेगी, लेकिन भारत के युवा खिलाड़ियों ने दमखम दिखा इंग्लिश टीम को कड़ी टक्कर दी। सीरीज के दौरान कुछ गलतियां हुईं और भारत को लीड्स और लॉर्ड्स में करीबी मुकाबले गंवाने पड़े। वरना टीम इंडिया सीरीज अपने नाम कर चुकी होती। कप्तान गिल ने इस सीरीज के दौरान सामने आकर नेतृत्व किया है और बल्ले से रन उगले हैं। उन्होंने इस सीरीज में कई रिकॉर्ड्स बनाए और तोड़े।

गिल ने वेस्टइंडीज के महान सर गैरी सोबर्स का 59 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वह इंग्लैंड की धरती पर किसी एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विदेशी कप्तान बन गए हैं। गिल के 754 रन, सोबर्स के 722 रन से ज्यादा हैं। सोबर्स ने इतने रन बतौर कप्तान 1966 में इंग्लैंड दौरे पर बनाए थे। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ का नंबर आता है। स्मिथ ने साल 2003 में इंग्लैंड दौरे पर सीरीज में बतौर कप्तान 714 रन बनाए थे।

इतना ही नहीं, गिल एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा बाउंड्रीज (चौके-छक्के) लगाने वाले भारतीय भी बन गए। उन्होंने मौजूदा इंग्लैंड दौरे पर 97 बाउंड्रीज लगाईं। इनमें 85 चौके और 12 छक्के शामिल हैं। इस मामले में गिल ने यशस्वी का रिकॉर्ड तोड़ा। यशस्वी ने पिछले साल इंग्लैंड के भारत दौरे पर 94 बाउंड्रीज लगाईं थीं। वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ 85-85 बाउंड्रीज के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *