IND vs ENG Semifinal: टी20 विश्व कप में कैसा रहा है भारत का इंग्लैंड पर रिकॉर्ड, किस टीम का पलड़ा भारी? जानिए

IND vs ENG Semifinal: टी20 विश्व कप में कैसा रहा है भारत का इंग्लैंड पर रिकॉर्ड, किस टीम का पलड़ा भारी? जानिए

वेस्टइंडीज को सुपर-8 मुकाबले में पांच विकेट से हराने के बाद टीम इंडिया सेमीफाइनल के लिए तैयार है। अब उसका सामना पांच मार्च को इंग्लैंड से होगा। यह तीसरा ऐसा मौका होगा जब टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। हम यहां आपको भारत-इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड बताएंगे।

भारतीय टीम टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी है। अब टीम का सामना पांच मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से होगा। इस मैच में भारतीय टीम जीत के साथ फाइनल में प्रवेश करने के इरादे से उतरेगी। बता दें कि, रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। भारतीय टीम छठी बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। वहीं, लगातार तीसरी बार टीम इंडिया ने अंतिम चार में जगह है। 

भारत का इंग्लैंड पर पलड़ा भारी
टी20 विश्व कप का दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाना है। इस मैच में जीतने वाली टीम आठ मार्च को फाइनल मुकाबला खेलेगी। बात करें भारत और इंग्लैंड के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की तो अब तक टी20 विश्व कप में दोनों की पांच बार भिड़ंत हो चुकी है। इस दौरान दो बार दोनों देशों के बीच सेमीफाइनल मैच खेला गया है। पांच मैचों में भारत ने कुल तीन बार जीत दर्ज की है जबकि दो बार इंग्लैंड विजेता रहा है। भारत का टी20 विश्व कप में इंग्लैंड पर पलड़ा भारी रहा है। 

2007: भारत ने 18 रनों से इंग्लैंड को हराया
टी20 विश्व कप में भारत-इंग्लैंड पहली बार साल 2007 में आमने-सामने आए, जिसमें युवराज सिंह ने लगातार छह गेंदों पर छक्के लगाते हुए तूफानी अर्धशतक लगाया। भारत ने चार विकेट खोकर 218 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 200/6 का स्कोर ही बना सकी और भारत ने 18 रन से मैच अपने नाम कर लिया।

2009: इंग्लैंड ने लिया पिछली हार का बदला
टी20 विश्व कप 2009 में इंग्लैंड ने अपनी पिछली हार का बदला लिया। लंदन में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने 7 विकेट खोकर 153 रन बनाए, जिसके जवाब में भारतीय टीम 5 विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी। यूसुफ पठान ने 17 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 33 रन की नाबाद पारी खेली, लेकिन टीम इंडिया को जीत नहीं दिला सके।

2012: भारत ने इंग्लैंड को रौंदा
टी20 विश्व कप 2012 में ग्रुप-ए के इस मैच में भारत ने गौतम गंभीर (45), रोहित शर्मा (नाबाद 55) और विराट कोहली (4) की शानदार पारियों के दम पर 4 विकेट खोकर 170 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 14.4 ओवरों में 80 रन पर ऑलआउट हो गई।

2022: इंग्लैंड ने 10 विकेट से जीता सेमीफाइनल
भारत और इंग्लैंड के बीच साल 2022 में पहली बार टी20 विश्व कप का सेमीफाइनल मैच खेला गया, जिसमें इंग्लैंड ने पूरे 10 विकेट से जीत हासिल की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 168 रन बनाए। इसके जवाब में कप्तान जोस बटलर (नाबाद 80) और एलेक्स हेल्स (नाबाद 86) ने बतौर सलामी बल्लेबाज 16 ओवरों में टीम को जीत दिलाई।

2024: भारत ने इंग्लैंड को सेमीफाइनल में रौंदा
टी20 विश्व कप 2024 में दोनों देशों के बीच एक बार फिर सेमीफाइनल खेला गया, जिसमें भारत ने पिछली करारी हार का बदला लेते हुए 68 रन से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 7 विकेट खोकर 171 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 16.4 ओवरों में महज 103 रन पर सिमट गई।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *