इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के पास बेकासी तिमुर स्टेशन पर हुए ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्या 14 हो गई है। एक लंबी दूरी की ट्रेन ने खड़ी कम्यूटर ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कई डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, जबकि राहत और बचाव कार्य जारी है।
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के बाहरी इलाके में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार सुबह इसकी पुष्टि की। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
सरकारी रेलवे कंपनी पीटी केरेटा एपी इंडोनेशिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बॉबी रसीदिन ने बताया कि अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सभी शवों को पहचान और अन्य औपचारिकताओं के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
यह हादसा सोमवार को बेकासी तिमुर स्टेशन पर हुआ, जो जकार्ता के बाहर स्थित एक व्यस्त रेलवे स्टेशन है। यहां एक लंबी दूरी की ट्रेन ने स्टेशन पर खड़ी कम्यूटर ट्रेन के पिछले डिब्बे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डिब्बों को भारी नुकसान पहुंचा और कई यात्री उसमें फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहतकर्मियों और आपातकालीन टीमों ने घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया। कई यात्रियों के घायल होने की भी खबर है, हालांकि घायलों की सटीक संख्या अभी सामने नहीं आई है।



