केरल असम और पुदुचेरी में मतदान जारी : दो राज्यों असम और केरल और एक केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। दोनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में एक ही चरण में मतदान होगा, जिनमें असम की 126, केरल की 140 और पुदुचेरी की 30 सीटें शामिल हैं।
केरल असम और पुदुचेरी में मतदान जारी : पीयूष गोयल ने देश के विकास में योगदान का जिक्र किया
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा, ‘मेरे केरल के भाइयों और बहनों, आज आपके पास अपने राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का मौका है। आपका वोट तय करेगा कि यह खूबसूरत दक्षिणी राज्य देश के विकास में और कैसे योगदान देगा, राज्य के युवाओं को आगे बढ़ने, इनोवेट करने और लीड करने के मौके कैसे मिलेंगे। महिलाओं, किसानों, मछुआरों, कारीगरों और दूसरों को अच्छे शासन से कैसे फायदा होगा और हर परिवार को बेहतर क्वालिटी ऑफ लाइफ कैसे मिलेगी।’ गोयल ने पुदुचेरी और असम की जनता से भी लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेने की अपील की।
असम में मतदान में महिलाएं आगे, फर्स्ट टाइम वोटर बोले- हमें चाहिए विकास
असम में विधानसभा चुनाव के तहत गुरुवार को मतदान जारी है और सुबह से ही वोटरों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अलग-अलग इलाकों से सामने आए दृश्य लोकतंत्र के इस पर्व की जीवंत तस्वीर पेश कर रहे हैं। जालुकबारी में पहली बार वोट डालने पहुंचे युवा मतदाता ने कहा, ‘हम विकास चाहते हैं।’ वहीं कामरूप में एक मतदाता ने बताया, यहां दो उम्मीदवार हैं। एक भाजपा से और एक कांग्रेस से। दोनों ही अच्छे हैं। एक अन्य मतदाता ने कहा, हम उसी को वोट देंगे जो अच्छा काम करेगा।
विश्वनाथ के पावोई एलपी स्कूल में एक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ने जानकारी दी कि वह सुबह ही मतदान कराने के लिए पहुंचा है। वहीं होजाई में सुबह 5 बजे से ही बड़ी संख्या में मतदाता कतार में लग गए, जिनमें महिलाओं की संख्या भी काफी अधिक है।
तीन प्रदेशों में मतदान जारी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा क्या बोले?

केरल, असम और पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने तीनों राज्यों की जनता से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल होने की अपील की। जेपी नड्डा ने अपने एक्स पर लिखे पोस्ट में कहा, ‘आज असम में वोटिंग हो रही है, इसलिए मैं अपने सभी भाइयों और बहनों, खासकर हमारे युवा वोटर्स से गुजारिश करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर आएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करें। आपका वोट आपकी आवाज है। यह राज्य को घुसपैठ से बचाने और हमारे मूल समुदायों के हितों की रक्षा करने के हमारे सामूहिक इरादे को मजबूत करता है।’
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने बड़ी संख्या में मतदान की अपील की

केरल में नई सरकार चुनने के लिए मतदान जारी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोगों से ऐसी सरकार को वोट देने का आग्रह किया जो सुनती, परवाह करती और काम करती है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर केरल की विविधता में एकता को विभाजन से कमजोर न होने देने का आह्वान किया। खरगे ने केरलवासियों के शिक्षा, गरिमा, धर्मनिरपेक्ष मूल्यों और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण को सराहा। उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी, वित्तीय संकट और अनिश्चितता का जिक्र करते हुए न्याय और बेहतर केरल के लिए बड़ी संख्या में मतदान की अपील की। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी बदलाव के लिए यूडीएफ को वोट देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केरल के लोग ऐसी सरकार के हकदार हैं जो उनकी समस्याओं को समझती और कल्याण के लिए काम करती है। मतों की गिनती 4 मई को होगी।
केरल में मतदान जारी, कई हाईप्रोफाइल लोगों ने डाले वोट
केरल में कराए जा रहे विधानसभा चुनाव में आज कई हाईप्रोफाइल लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इन लोगों में एलडीएफ प्रत्याशी और मुख्यमंत्री पिनरई विजयन की सरकार में मंत्री पीए मोहम्मद रियास, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ, प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता वीडी सतीशन, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी, कांग्रेस सांसद हिबी ईडन जैसी हस्तियां शामिल रहीं। तीनों प्रदेशों में शांतिपूर्ण मतदान जारी है।
पुदुचेरी में मतदाताओं का हाईटेक स्वागत, नीला कर रही अभिवादन
बीते कुछ समय से चुनावों में तकनीक का भी बढ़चढ़ कर इस्तेमाल हो रहा है। इसी की एक नजीर पुदुचेरी में दिखी जहां रोबोट नीला वोट डालने आ रहे लोगों का अभिवादन कर रही है। पुदुचेरी में हो रहे इस हाईटेक स्वागत के बादे में वीओसी गवर्नमेंट स्कूल में मौजूद शख्स कौशिक ने बताया, ‘इस रोबोट का नाम ‘नीला’ है। आम तौर पर इसका इस्तेमाल इवेंट में करते हैं। यानी शादियों, सरकारी कामों और चुनावों जैसे आयोजनों के दौरान। हम तमिलनाडु के कोयंबटूर से आए हैं। नीला रोबोट में कई खूबियां हैं… इसमें आवाज़ की भी सुविधा है, और यह बात भी कर सकती है। हम इसमें कमांड डाल सकते हैं, और पास खड़े व्यक्ति को वह आवाज सुनाई देगी।’



