माफिया मुख्तार का छोटा बेटा उमर अंसारी गिरफ्तार, मां आफ्शा के फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप

माफिया मुख्तार का छोटा बेटा उमर अंसारी गिरफ्तार, मां आफ्शा के फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप

आरोप है कि उमर अंसारी ने 50 हजार की इनामी अपनी मां आफ्शा अंसारी के फर्जी हस्ताक्षर किये और अदालत में दाखिल कर दिया। उमर अपने परिवार की कुर्क संपत्ति को बचाने की फिराक में था।

जालसाजी के मामले में आईएस 191 गैंग के सरगना और माफिया मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी को रविवार की देर रात लखनऊ के दारूलशफा स्थित विधायक निवास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि उमर अंसारी ने 50 हजार की इनामी अपनी मां आफ्शा अंसारी के फर्जी हस्ताक्षर किये और उसे अदालत में दाखिल कर दिया था। उमर अपने परिवार की कुर्क संपत्ति को बचाने की फिराक में था।

पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत माफिया मुख्तार अंसारी के परिवार की संपत्ति कुर्क की गई थी। इसी संपत्ति को मुक्त कराने के लिए उमर अंसारी ने अपनी मां आफ्शा अंसारी के फर्जी हस्ताक्षर बनाए। फर्जी हस्ताक्षर के साथ शपथ पत्र अदालत में दाखिल कर दिया।

आफ्शा लंबे समय से फरार चल रही है। अदालत ने उसे गिरफ्तार करके पेश करने का आदेश दिया है। गाजीपुर पुलिस ने उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। इसी मामले में उमर के खिलाफ मोहम्मदाबाद थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। अब उसे लखनऊ से पकड़ कर गाजीपुर लाया जा रहा है। सोमवार को पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया जाएगा।

दरअसल, मुख्तार अंसारी के परिवार की मुसीबत कम नहीं हो रही है। मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शा अब भी फरार चल रही है। बड़े बेटे अब्बास अंसारी को हाल ही में जमानत मिली थी लेकिन मऊ से जुड़े एक मामले में अदालत ने दो साल की सजा सुनाई थी। इस कारण अब्बास अंसारी की विधानसभा की सदस्यता रद्द कर दी गई है। 

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *