पत्नी की हत्या कर शव को जलाने का प्रयास, वारदात को अंजाम देने के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी

पत्नी की हत्या कर शव को जलाने का प्रयास, वारदात को अंजाम देने के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के शोघी पुलिस चौकी के अंतर्गत घनपेरी गांव में महिला की हत्या का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसके शव को घर के आंगन में ही गड्ढा खोदकर छिपाने और जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान गुलशन(26) के रूप में हुई है।  पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्यों को एकत्रित किया और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी तोता राम पेशे से सुरक्षा गार्ड है। मामले का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों को कुछ संदेह हुआ और उन्होंने मृतक महिला के परिजनों को सूचित किया। गुलशन के परिजन जब गांव पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर के आंगन में एक गड्ढा खोदा गया है और इसमें गुलशन का अधजला शव मिला। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शव को जलाने के लिए पेंट और लकड़ियों का इस्तेमाल किया गया था ताकि पहचान न हो सके। जानकारी के अनुसार गुलशन और तोता राम की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और दोनों का एक चार वर्षीय बेटा भी है।

परिजनों ने लगाया ये आरोप
मृतक महिला के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही गुलशन को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। महिला के भाई ने पुलिस में दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि 14 मई को उनकी मां ने गुलशन को फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। जब बार-बार फोन नहीं लगा तो उन्हें अनहोनी का शक हुआ और वे अपने एक रिश्तेदार के साथ घनपेरी गांव पहुंचे। अक्षय ने बताया कि उन्हें गांव पहुंचते ही तोता राम का व्यवहार संदिग्ध लगा। जब उन्होंने घर के आंगन में देखा तो वहां एक गड्ढा खुदा हुआ था और उसमें गुलशन का अधजला शव मिला। उन्होंने बताया कि उनकी बहन को पहले मारा गया और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया गया।

आरोपी ने पुलिस चाैकी पहुंचकर ये कहा
उधर, वारदात को अंजाम देने के आरोपी स्वयं शोघी पुलिस चौकी पहुंचा और बताया कि उसकी पत्नी लापता हो गई है। लेकिन जब पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच की तो सच्चाई सामने आ गई। बालूगंज थाने में इस मामले को लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।  शिमला पुलिस के एक अधिकारी ने  बताया कि अभियुक्त को आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। 

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *