बिहार विधानसभा चुनाव में 202 सीटें लाने वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। गांधी मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्रियों समेत एनडीए के सभी घटकों के प्रमुखों, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और बड़े नेता शामिल होंगे।
जिला प्रशासन ने की यह अपील
20 नवंबर को गांधी मैदान में होने वाले नई सरकार के शपथ-ग्रहण समारोह के मद्देनज़र पटना जिला प्रशासन ने व्यापक यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की घोषणा की है। प्रशासन ने कहा है कि कार्यक्रम के दौरान जन-सुविधा, सुरक्षा और लोकहित सुनिश्चित करने के लिए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
पीएम मोदी की मौजूदगी में शपथ ग्रहण समारोह

पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार। – फोटो : अमर उजालाप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शपथ ग्रहण समारोह होगा। आज 11:30 बजे के आसपास शपथ ग्रहण समारोह शुरू होगा। मुख्यमंत्री लगभग 12:00 बजे शपथ लेंगे। नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत 18 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इसके बाद बजट सत्र से पहले तक मंत्रिमंडल विस्तार कर लिया जाएगा।
सम्राट चौधरी ने रखा था नीतीश कुमार के नाम प्रस्ताव

बुधवार को पटना में विधानसभा के सेंट्रल हॉल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बैठक हुई। इसमें भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाईटेड, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा, लोक जनशक्ति पार्टी के सभी नव निर्वाचित विधायक और नीतीश कुमार, चिराग पासवान, संतोष सुमन, उपेंद्र कुशवाहा, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा मौजूद रहे। भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता चुने गए सम्राट चौधरी ने बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव रखा। सर्वसम्मति से, फिर से नीतीश कुमार का नारा लगाते हुए एनडीए विधायक दल ने गुरुवार होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी कर ली।
नई NDA सरकार का शपथ ग्रहण आज, 10वीं बार नीतीश लेंगे सीएम पद की शपथ, पीएम मोदी भी रहेंगे
बिहारवासियों के लिए आज बड़ा दिन है। आज एनडीए के नेतृत्व में नई सरकार का गठन होगा। गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है। नीतीश कुमार10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ डिप्टी सीएम के रूप में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह की सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। गृह मंत्री अमित शाह बुधवार रात ही पटना पहुंच चुके हैं। पीएम नरेंद्र मोदी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता भी शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। इससे पहले बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) विधायक दल की बैठक में नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंप दिया और नए सिरे से सरकार गठन का दावा पेश किया था।



