भीषण सर्दी के साथ नए साल का आगाज, पहाड़ों में बर्फबारी से हाल बेहाल; दिल्ली-यूपी में आज बारिश के आसार

भीषण सर्दी के साथ नए साल का आगाज, पहाड़ों में बर्फबारी से हाल बेहाल; दिल्ली-यूपी में आज बारिश के आसार

नए साल 2026 की शुरुआत उत्तर भारत में भीषण ठंड और घने कोहरे से हुई। बुधवार को 300 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित रहीं, पहाड़ों पर बर्फबारी हुई और दिल्ली-एनसीआर के साथ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश के आसार बने हुए हैं।

नए साल के आगाज के साथ राष्ट्रीय राजधानी समेत समूचा उत्तर भारत भीषण ठंड से सिहर उठा है। मध्य से लेकर पूर्व और पूर्वोत्तर भारत तक ठिठुरन रही। हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के बाद मैदानों में बेहद सर्द हवाएं चल रही हैं। ठंड के साथ घनघोर कोहरे ने दुश्वारियां और बढ़ा दी हैं। सड़क, रेल एवं हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित होने से जिंदगी ठहर गई है। दिल्ली और श्रीनगर में 300 से अधिक उड़ानों पर असर पड़ा है। अभी राहत की उम्मीद नजर नहीं आ रही। उत्तर भारत में चार से पांच दिन घना कोहरा बना रह सकता है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में बारिश के भी आसार हैं।

मौसम  विभाग के अनुसार, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, यूपी, ओडिशा व मेघालय के कुछ हिस्सों में मंगलवार की रात से बुधवार सुबह तक घना कोहरा छाया रहा। ज्यादातर जगहों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह गई। प. बंगाल के गंगा किनारे वाले क्षेत्रों, बिहार, मध्य प्रदेश और असम के अलग-अलग इलाकों में भी घना कोहरा छाया रहा। तीखी सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया। आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि जब तापमान कम होता है, हवाएं हल्की होती हैं और नमी का स्तर अधिक होता है, तब कोहरा बनता है और दिन में अधिक देर तक रहता है। चूंकि, कोहरा सूरज की रोशनी को रोकता है, इसलिए दिन में ज्यादा ठंड महसूस होती है। दिल्ली-एनसीआर में दिनभर धूप नहीं खिलने से दृश्यता गिर गई। इसका सर्वाधिक असर ट्रेनों व उड़ानों पर पड़ा। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कम दृश्यता के कारण कम से कम 148 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जिनमें 78 आगमन और 70 प्रस्थान वाली उड़ानें शामिल थीं।

मैदानी राज्यों में शीतलहर
मैदानी राज्यों में शीतलहर से तापमान में गिरावट आई है। पंजाब में अमृतसर में सबसे कम 6.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। हरियाणा में रोहतक सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री और राजस्थान के करौली में सबसे कम 4.6 डिग्री  तापमान दज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान व यूपी समेत मैदानी राज्यों में एक जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी और हिमाचल प्रदेश में शीत दिवस की स्थिति बन सकती है, जबकि बिहार में गंभीर शीत दिवस की स्थिति की चेतावनी दी गई है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है। इनमें बांदीपोरा का गुरेज, बारामूला का गुलमर्ग और कुपवारा का मच्छिल शामिल हैं। मौसम विभाग ने एक और दो जनवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में गरज के साथ भारी बारिश, वज्रपात और बर्फबारी की संभावना जताई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ जमने से सड़कें बंद होने और सामान्य आवाजाही प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। हिमाचल, उत्तराखंड में तीन जनवरी तक बारिश व बर्फबारी के आसार हैं। यूपी के 14 जिलों में बृहस्पतिवार को बारिश होने की संभावना है। 35 जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट के कारण शीत दिवस की चेतावनी दी गई है।

दिल्ली में छह वर्षों में सबसे ठंडा दिन
दिल्ली में बुधवार छह वर्षों में सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.4 डिग्री नीचे) व अधिकतम 14.2 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 6.2 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 2020 के बाद से सबसे कम दैनिक तापमान है। इससे पूर्व 31 दिसंबर, 2019 को अधिकतम तापमान 9.4 डिग्री रहा था। गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री व न्यूनतम 7.4 डिग्री, नोएडा में अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री और न्यूनतम 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *