आज से अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे नीतीश कुमार : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली में फिर से नई पारी का शुभारंभ करने जा रहे हैं। इसके लिए सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। बिहार एनडीए के सभी वरिष्ठ नेता इसका गवाह बनेंगे। एक दिन पहले ही बिहार से सभी दिग्गज नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार आज राज्यसभा से अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। आज दोपहर सवा 12 बजे वह राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। इसके लिए समारोह का आयोजन किया गया है। खास बात यह है कि 10 अप्रैल को बिहार से केवल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही शपथ लेंगे। इनके अलावा बिहार से निर्वाचित हुए नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार खरमास बाद शपथ लेंगे। चर्चा है कि 16 अप्रैल को यह चारों नेता शपथ लें। राज्यसभा में सारी तैयारी पूरी हो चुकी है।
आज से अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे नीतीश कुमार
एक दिन पहले यानी नौ अप्रैल को दिल्ली पहुंचे नीतीश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अब हम यहीं रहेंगे, वहां नए लोगों को मौका मिलेगा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है। नीतीश कुमार कल यानी 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे।



