सड़क हादसे के बाद पटना में बवाल, उग्र भीड़ ने पांच वाहनों को फूंका; कई थानों की फोर्स तैनात

सड़क हादसे के बाद पटना में बवाल, उग्र भीड़ ने पांच वाहनों को फूंका; कई थानों की फोर्स तैनात

पटना के जीरो माइल इलाके में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। गुस्साई भीड़ ने सड़क जाम कर पुलिस की तीन जीपों में आग लगा दी। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया।

पटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद शुक्रवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हादसे में तकिया गांव निवासी मनीष की मौत की खबर से आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-30 पर जाम लगा दिया और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त
आक्रोशित लोगों ने सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद उपद्रवियों ने जिला प्रशासन के करीब पांच वाहनों में आग लगा दी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। वाहनों से उठता धुआं और सड़क पर जमा भीड़ के कारण NH-30 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस और उपद्रवियों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। हालात को काबू करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही आगजनी, तोड़फोड़ और पथराव में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से जांच की जा रही है।फिलहाल, एनएच-30 पर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने और स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। हादसे के बाद शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन किस तरह उग्र हुआ, इसे लेकर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पटना सिटी के एसडीएम सत्यम सहाय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई थी। इसके बाद मृतक के शव को सड़क पर रखकर जाम लगाया गया और इसी दौरान हिंसा की घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आगे उन्होंने कहा कि अब शव को सड़क से हटा दिया गया है और यातायात सामान्य कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *