पीएम का दो टूक संदेश; अब राजनाथ-शाह और मुख्यमंत्रियों के बयान; जानिए किसने क्या कहा

पीएम का दो टूक संदेश; अब राजनाथ-शाह और मुख्यमंत्रियों के बयान; जानिए किसने क्या कहा

ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश को संबोधित किया। उन्होंने पाकिस्तान समेत पूरी दुनिया को आतंकवाद पर कड़ा संदेश दिया। इससे पहले भारतीय सेना के महानिदेशक स्तर के अधिकारियों ने बताया कि देश ने पाकिस्तानी दहशतगर्दों को कैसे सबक सिखाया। पीएम मोदी के संदेश के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने भी प्रतिक्रियाएं दीं।

जनरल आसिम मुनीर एक कट्टरपंथी, उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ी : जी पार्थसारथी
पाकिस्तान में भारत के पूर्व उच्चायुक्त जी पार्थसारथी ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए भारतीय सशस्त्र सेनाओं की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर एक कट्टरपंथी है और उसे अपनी गलतियों के लिए कीमत चुकानी पड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए पार्थसारथी ने कहा, अभी पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी मुसीबत उसका सेना प्रमुख जनरल मुनीर है। वह एक कट्टरपंथी है। उसे विश्वास था कि वह भारत से मुकाबला कर सकता है, जिसकी उसे कीमत चुकानी पड़ी। जनरल मुनीर पराजित हुआ और शर्मनाक तरीके से पराजित हुआ। प्रधानमंत्री के तौर पर शाहबाज शरीफ और उनके बड़े भाई नवाज सेना की लड़ाइयों में फंस गए हैं। आपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की राजनीति में हलचल तेज होने जा रही है। पूर्व राजनयिक ने कहा, पाकिस्तान की सेना में पंजाबियों का बोलबाला है। सेना में मुहाजिर (भारत से गए मुसलमान), सिंधी, बलूच या अन्य की हिस्सेदारी बहुत कम है। इसलिए वे हालिया संघर्ष के लिए पंजाबियों को ही दोषी ठहराने जा रहे हैं। ए

पाकिस्तान पर संसदीय समिति को जानकारी देंगे विदेश सचिव विक्रम मिस्री
 विदेश सचिव विक्रम मिस्री अगले सप्ताह संसदीय समिति को पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू होने वाले भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के बारे में जानकारी देंगे। विदेशी मामलों की स्थायी समिति के सदस्यों को सूचित किया गया है कि मिस्री 19 मई को समिति को ब्रीफ करेंगे। यह बैठक भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर और दोनों देशों की बाद की सैन्य कार्रवाइयों की पृष्ठभूमि में हो रही है। मिस्री समिति को भारत और पाकिस्तान के संबंध में वर्तमान विदेश नीति के घटनाक्रम पर जानकारी देंगे। 10 मई को दोनों पक्षों ने सभी सैन्य कार्रवाइयों को रोकने पर समझौता किया था। यह ब्रीफिंग क्षेत्रीय शांति और कूटनीतिक प्रयासों के लिए भारत की रणनीति को स्पष्ट करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने बनाई नई सैन्य नीति आतंकियों को दी कड़ी चेतावनी : नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की नई सैन्य नीति को आकार दिया है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन को उन्होंने पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवादियों के प्रति सख्त चेतावनी करार दिया। नायडू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, आज पीएम मोदी न सिर्फ बोले, बल्कि उन्होंने भारत के नए सिद्धांत को परिभाषित किया। उनका संबोधन आतंकियों के लिए चेतावनी और दुनिया के लिए भारत की ताकत का संदेश था। उन्होंने कहा, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान स्वदेशी ड्रोन और हथियारों का सफलतापूर्वक इस्तेमाल कर सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले ठिकानों को नष्ट कर दिया गया। पीएम मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया कि भारत परमाणु ब्लैकमेलिंग के आगे नहीं झुकेगा और आतंकवाद के साथ व्यापार या वार्ता नहीं हो सकती। नायडू ने कहा, हमने पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई सिर्फ स्थगित की है। उनके व्यवहार पर भविष्य की कार्रवाई निर्भर करेगी। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत शांतिपूर्ण इरादों, मजबूत सैन्य शक्ति और दृढ़ संकल्प के साथ खड़ा है। उन्होंने देशवासियों से एकजुट रहने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

आतंकवाद के खिलाफ भावी कार्रवाई को लेकर भारत की स्थिति सबसे अहम
प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर अमेरिका में रहने वाले दक्षिण एशिया मामलों के जानकार और विश्लेषक माइकल कुगेलमैन ने कहा, पीएम मोदी के बयान में स्पष्ट रूप से इस तथ्य पर जोर दिया गया है कि भारत भयानक आतंकी हमले का जवाब दे रहा था। उन्होंने कहा, इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि भारतीय सैन्य बलों को काफी समर्थन भी मिल रहा है। बकौल कुगेलमैन, ‘मुझे लगता है कि वर्तमान ऑपरेशन पर ध्यान केंद्रित करना और आतंकवाद के मुद्दे पर आगे बढ़ने के लिए भारत की स्थिति सबसे महत्वपूर्ण है।’

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी आतंकवाद पर सख्ती के संदेश को दोहराया
ऑपरेशन सिंदूर पर पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘आज पीएम मोदी ने 3 नए मानदंडों का जिक्र किया है। सबसे पहले उन्होंने कहा कि इसके बाद अगर देश में कोई भी आतंकी घटना होती है तो उसे भारत के साथ युद्ध के तौर पर देखा जाएगा और भारत उसी तरह से जवाबी कार्रवाई कर मुंहतोड़ जवाब देगा। दूसरी बात, पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि हम परमाणु ब्लैकमेल बर्दाश्त नहीं करेंगे। तीसरी बात यह है कि अब तक पाकिस्तान आतंकी गतिविधियों पर कहता था कि यह नॉन स्टेट एक्टर्स द्वारा किया गया है, लेकिन अब आतंक के आका और सरकार में भारत कोई अंतर नहीं करेगा। भारत उन्हें एक ही नजर से देखेगा और उसी तरह से जवाबी कार्रवाई करेगा।’

सीजफायर के बीच सूत्रों का बड़ा दावा- भारत अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार के मुद्दे पर बात नहीं
भारत और अमेरिका के संबंधों पर लगातार बयानबाजी हो रही है। हालांकि, व्यापार के मुद्दे पर भारत-अमेरिका के शीर्ष पदाधिकारियों के बीच बात नहीं होने का दावा किया गया है। यहां तक कि द्विपक्षीय व्यापार का ये मुद्दा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बीच हुई बातचीत का भी हिस्सा नहीं था। सूत्रों ने ये दावा किया है।

गृह मंत्री अमित शाह का बयान
20 मिनट से अधिक समय तक चले प्रधानमंत्री मोदी के वक्तव्य के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, राष्ट्र हमारे सशस्त्र बलों की अद्वितीय वीरता को सलाम करता है – जो हमारे दुश्मनों के विध्वंसक और भारत की ढाल हैं। हम अपनी रक्षा की पहली पंक्ति, बीएसएफ के साहसी कर्मियों को भी सलाम करते हैं। हमारे बलों की बहादुरी हमारे गौरवशाली इतिहास में हमेशा के लिए अंकित रहेगी। मैं हमारे निर्दोष भाइयों की दिवंगत आत्माओं को न्याय दिलाने में उनके अनुकरणीय नेतृत्व के लिए पीएम मोदी को बधाई देता हूं।’ बकौल गृह मंत्री शाह- पीएम मोदी कई बार साबित कर चुके हैं कि भारत का कोई भी दुश्मन बख्शा नहीं जाएगा।

पाकिस्तान से बात होगी, तो पीओके पर होगी: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मैं आज विश्व समुदाय को भी कहूंगा कि हमारी घोषित नीति रही है कि अगर पाकिस्तान से बात होगी तो आतंकवाद पर ही बात होगी। अगर पाकिस्तान से बात होगी तो पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पीओके पर ही होगी। प्रिय देशवासियो! आज बुद्ध पूर्णिमा है। भगवान बुद्ध ने हमें शांति का रास्ता दिखाया। शांति का मार्ग भी शक्ति से होकर जाता है। मानवता शांति और समृद्धि की ओर बढ़े, हर भारतीय शांति से जी सकते, विकसित भारत के सपने को पूरा सके, इसके लिए भारत का शक्तिशाली होना बहुत जरूरी है और आवश्यकता पड़ने पर इस शक्ति का इस्तेमाल भी जरूरी है और पिछले कुछ दिनों में भारत ने यही किया है।

उन्होंने कहा, मैं एक बार फिर भारत की सेना और सशस्त्र बलों को सलाम करता हूं। हम भारतवासियों के हौसले, हर भारतवासी का एकजुटता का सफर और संकल्प को नमन करता हूं। बहुत-बहुत धन्यवाद। भारत माता की जय।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *