अभिनेता असरानी के निधन से सिर्फ मनोरंजन जगत ही दुखी नहीं है, बल्कि पूरा देश स्तब्ध है। दिवंगत अभिनेता को पीएम मोदी ने याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
असरानी उन अभिनेताओं में शुमार थे, जिनके अभिनय ने हर किसी के मुख पर प्रसन्नता और संतुष्टि का भाव लाने का काम किया था। अभिनेता के निधन से एक्टर-पॉलिटिशियन सभी शोक में डूबे हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत अभिनेता के अमूल्य योगदान को याद किया। आइए जानते हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा- उनके योगदान को याद किया जाएगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स अकाउंट पर ट्वीट करते हुए असरानी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, ‘गोवर्धन असरानी जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूं। एक प्रतिभाशाली मनोरंजनकर्ता और वास्तव में बहुमुखी कलाकार, उन्होंने कई पीढ़ियों के दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने अपने अविस्मरणीय अभिनय से अनगिनत लोगों के जीवन में विशेष रूप से आनंद और हंसी का संचार किया। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।’
महाराष्ट्र सीएम फडणवीस ने असरानी को किया याद
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार असरानी के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर ट्वीट किया और लिखा, ‘उनकी अद्वितीय बहुमुखी प्रतिभा और अद्वितीय हास्यबोध ने लाखों लोगों को आनंद और हंसी से भर दिया। ‘शोले’ के प्रतिष्ठित जेलर से लेकर ‘चुपके-चुपके’, ‘गोलमाल’, ‘आप की कसम’, ‘अभिमान’, ‘बातों बातों में’, ‘छोटी सी बात’, ‘धमाल’ और कई अन्य फिल्मों में यादगार भूमिकाओं तक, उनके अभिनय ने भारतीय सिनेमा पर एक अमिट छाप छोड़ी है।’



