पीएम मोदी आज सिक्किम और कल से यूपी के दौरे पर, राज्यों को देंगे कई परियोजनाओं की सौगात

पीएम मोदी आज सिक्किम और कल से यूपी के दौरे पर, राज्यों को देंगे कई परियोजनाओं की सौगात

सिक्किम में कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी सिरवानी और लोअर समदोंग में तीस्ता नदी पर बने दो दोहरे लेन वाले स्टील मेहराबदार पुलों की आधारशिला रखेंगे, जो नामची और गंगटोक जिलों को जोड़ेंगे। वे किचुदुमरा होते हुए बिरधांग से नामची तक जाने वाली सड़क के विस्तारीकरण और सुदृढ़ीकरण का भी उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम जाएंगे और 4,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। वहीं,  मंगलवार से यूपी के दो दिनी दौरे पर रहेंगे। वह अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 6,350 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

पीएम मोदी सिक्किम को बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि जैसे क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम नामची के यांगांग में 100 बेड के आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। एनआईटी देओराली में 30 बेड वाले अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।

कैसा रहेगा पीएम मोदी का सिक्किम दौरा?
27 अप्रैल को दोपहर लगभग तीन बजे गंगटोक पहुंचेंगे। 28 अप्रैल को सुबह लगभग 9:30 बजे प्रधानमंत्री गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे। राज्य की पारिस्थितिक और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए स्वर्णजयंती मैत्री मंजरी पार्क को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्व स्तरीय ऑर्किड अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

यूपी में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री यूपी में मंगलवार को वाराणसी में महिला सम्मेलन में शामिल होंगे। वे दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। ये ट्रेनें वाराणसी से पुणे व अयोध्या से मुंबई के बीच चलेंगी। बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री गंगा एक्सप्रेस का उद्घाटन करने हरदोई जाएंगे।

29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। गंगा एक्सप्रेसवे 594 किलोमीटर लंबा, 6 लेन और हाई स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर है। करीब 36 हजार करोड़ की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे से मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा का समय 10- 12 घंटे से घटकर करीब छह घंटे रह जाएगा।

इमरजेंसी एयरस्ट्रिप : एक्सप्रेसवे पर शाहजहांपुर में 3.5 किलोमीटर लंबी इमरजेंसी एयरस्ट्रिप भी बनाई गई है, जिसका इस्तेमाल आपातकालीन स्थिति में किया जा सकता है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *