राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर: पारा 50 के पास, बाड़मेर, जैसलमेर, फलौदी में आज लू का रेड अलर्ट

राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर: पारा 50 के पास, बाड़मेर, जैसलमेर, फलौदी में आज लू का रेड अलर्ट

राजस्थान में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। बाड़मेर में तापमान 48.3 डिग्री पहुंच गया है और अगले दिनों में 50 डिग्री तक जाने की आशंका है। मौसम विभाग ने बाड़मेर, जैसलमेर और फलौदी में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को लगातार तीसरे दिन बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान 50 डिग्री तक पहुंच सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को बाड़मेर, जैसलमेर और फलौदी के लिए भीषण गर्मी और हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने की एडवाइजरी भी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में तेज गर्मी और लू का असर बना रहेगा।

पूरे राजस्थान में 40 डिग्री के पार पारा

मंगलवार को राजस्थान के सभी प्रमुख शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में गर्म हवाओं और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 48.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि फलोदी में 46.4, जैसलमेर में 45.8, चित्तौड़गढ़ में 45.6, बीकानेर में 45, जोधपुर में 44.6, कोटा में 44.7, झुंझुनूं में 44.8, चूरू और पिलानी में 44.5 तथा फतेहपुर में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

अगले तीन दिन भारी पड़ सकते हैं

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव की स्थिति और गंभीर हो सकती है। बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट लागू है। विशेषज्ञों ने लोगों को धूप से बचने, बार-बार पानी पीने और दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

जयपुर, अजमेर और कोटा में भी गर्मी से राहत नहीं

राजधानी जयपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर लू चलती रही और मौसम साफ रहा। गर्मी का असर पर्यटन स्थलों पर भी देखने को मिला, जहां दिन के समय पर्यटकों की संख्या कम रही।
अजमेर में भी तेज गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान किया। यहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं कोटा में तापमान 44.7 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने कोटा के लिए बुधवार को हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *