राजधानी में मनमानी: रक्षाबंधन पर घर जाना हुआ महंगा, त्योहार के कारण यात्रियों की बेरहमी से काटी जा रही है जेब

राजधानी में मनमानी: रक्षाबंधन पर घर जाना हुआ महंगा, त्योहार के कारण यात्रियों की बेरहमी से काटी जा रही है जेब

दिल्ली से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों को ट्रेन, निजी बस और फ्लाइट तीनों के लिए सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ रही है।

रक्षा बंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने और परिवार के साथ त्योहार मनाने की खुशी इस बार महंगे सफर के बोझ तले दबती नजर आ रही है। दिल्ली से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों को ट्रेन, निजी बस और फ्लाइट तीनों के लिए सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ रही है।

ट्रेनों में कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल है तो यात्रियों का रुख ट्रैवल एजेंटों की ओर हो रहा है। आरोप है कि एजेंट टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर वास्तविक किराये से अधिक रकम मांग रहे हैं। दूसरी ओर, ट्रेन में टिकट न मिलने पर निजी बसों का सहारा लेने वाले यात्रियों को भी बढ़ा हुआ किराया चुकाना पड़ रहा है। ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म पर सीटें कम होते ही कई रूटों पर किराया बढ़ा दिया है। फ्लाइट का किराया भी बढ़ा दिख रहा है।

कई ट्रेनों में वेटिंग लंबी होने के कारण यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में लोग ट्रैवल एजेंटों से संपर्क कर रहे हैं। यात्रियों का आरोप है कि कुछ एजेंट कन्फर्म टिकट दिलाने का दावा कर टिकट की वास्तविक कीमत के अलावा अतिरिक्त रकम मांग रहे हैं। दिल्ली से मथुरा जाने की तैयारी कर रहे विशाल ने बताया कि सामान्य दिनों में जिस यात्रा पर 250 से 300 रुपये तक खर्च होता है, त्योहार के समय टिकट और अन्य खर्च मिलाकर कहीं अधिक रकम देनी पड़ रही है।

फ्लाइट से घर जाना भी महंगा
27 अगस्त की यात्रा के लिए दिल्ली से कई प्रमुख शहरों का हवाई किराया हजारों रुपये में पहुंच गया है। खासकर बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के शहरों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ रही है।

27 अगस्त का दिल्ली से फ्लाइट का किराया
         शहर – एक तरफ का शुरुआती किराया

  • जयपुर – 2,899 रुपये
  • लखनऊ – 4,690 रुपये
  • पटना – 8,791 रुपये
  • रांची – 6,998 रुपये
  • भोपाल – 6,900 रुपये
  • इंदौर – 6,424 रुपये तक


नोट: यह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दिखाया गया शुरुआती किराया है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *