Strait Of Hormuz Crisis: ‘होर्मुज सभी जहाजों के लिए बंद है’, बढ़ते तनाव के बीच ईरानी सेना का बड़ा एलान

Strait Of Hormuz Crisis: ‘होर्मुज सभी जहाजों के लिए बंद है’, बढ़ते तनाव के बीच ईरानी सेना का बड़ा एलान

अमेरिका के नए सैन्य हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सभी जहाजों के लिए बंद करने का एलान किया है। IRGC ने चेतावनी दी है कि यहां से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाया जाएगा। क्षेत्र में अमेरिकी और ईरानी बलों के बीच तनाव बढ़ गया है, जिससे तेल बाजार प्रभावित हुआ है।

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य को सभी जहाजों के लिए बंद करने का एलान किया है। ईरान ने चेतावनी दी है कि इस मार्ग से गुजरने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज को निशाना बनाया जा सकता है।

अमेरिका के नए हमलों के बाद फैसला- IRGC
आईआरजीसी ने अपने बयान में कहा कि क्षेत्र में बढ़ती असुरक्षा और अमेरिका के नए सैन्य हमलों के बाद यह फैसला लिया गया है। आदेश के अनुसार तेल टैंकरों, मालवाहक जहाजों और अन्य सभी प्रकार के समुद्री जहाजों की आवाजाही तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है। ईरानी मीडिया के मुताबिक होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसैनिक बलों और आईआरजीसी की नौसेना के बीच भारी तनाव और गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। आईआरजीसी नौसेना का दावा है कि उसने दो ऐसे जहाजों को निशाना बनाया जो उसकी अनुमति के बिना जलडमरूमध्य से गुजरने का प्रयास कर रहे थे।

ईरान के तटीय इलाकों में अमेरिका के हमले शुरू
इस बीच अमेरिका ने ईरान के कई तटीय इलाकों पर नए हमले शुरू किए हैं। रिपोर्टों के अनुसार बंदर अब्बास, सीरिक, किश्म द्वीप और हेंगाम द्वीप समेत कई स्थानों को निशाना बनाया गया है। इन हमलों के बाद दक्षिणी ईरान के कई इलाकों में विस्फोटों की खबरें आई हैं। मिनाब काउंटी के करगान क्षेत्र में अमेरिकी हमले के बाद दो स्थानीय निवासी घायल होने की भी सूचना है।

हमलों पर सेंटकॉम ने क्या कहा?
उधर अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने पुष्टि की है कि उसकी सेना ने ईरान में कई ठिकानों पर अतिरिक्त ‘आत्मरक्षा संबंधी’ हमले शुरू किए हैं। अमेरिकी सेना का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान की लगातार आक्रामक गतिविधियों के जवाब में की जा रही है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। दुनिया के बड़े हिस्से का तेल और गैस इसी समुद्री मार्ग से होकर गुजरता है। ऐसे में इस मार्ग के बंद होने से अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और वैश्विक व्यापार पर बड़ा असर पड़ सकता है। बढ़ते सैन्य टकराव के कारण पूरे पश्चिम एशिया में तनाव और गहरा गया है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *