ट्रंप ने पांच और देशों पर लगाया यात्रा प्रतिबंध, इनके नागरिकों के अमेरिका में घुसने पर लगी रोक

ट्रंप ने पांच और देशों पर लगाया यात्रा प्रतिबंध, इनके नागरिकों के अमेरिका में घुसने पर लगी रोक

ट्रंप प्रशासन ने यात्रा प्रतिबंध का दायरा बढ़ाते हुए पांच और देशों को इसमें शामिल कर दिया है। वहीं आंशिक पाबंदियों वाले देशों की सूची में भी 15 और देशों के नाम जोड़े गए हैं। 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने अपने यात्रा प्रतिबंध के दायरे का विस्तार किया है और पांच और देशों को इसमें शामिल किया है। साथ ही कई देशों पर नई पाबंदियां भी लगाई हैं। मंगलवार को ट्रंप प्रशासन द्वारा जारी आदेश, उसकी अप्रवासन नीति को और सख्त करने की लगातार कोशिशों का हिस्सा है। साथ ही यह फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब बीते दिनों अफगानिस्तान मूल के एक व्यक्ति ने वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड्स के दो सैनिकों को गोली मार दी थी।

जून में 12 देशों के नागरिकों पर लगाया था प्रतिबंध
इससे पहले जून में, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 12 देशों के नागरिकों पर अमेरिका आने पर प्रतिबंध लगाया था और सात अन्य देशों के लोगों पर कई पाबंदियां लगाई थीं। अपने पहले कार्यकाल के दौरान भी ट्रंप ने इस तरह की नीति अपनाई थी। जिन 12 देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाया गया था, उनमें अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, रिपब्लिक ऑफ कांगो, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल थे और बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला के नागरिकों पर कड़ी पाबंदियां लगाई गई थीं।

अब इन पांच देशों पर भी लगाया यात्रा प्रतिबंध
मंगलवार को, ट्रंप प्रशासन ने घोषणा की कि वह उन देशों की सूची बढ़ा रहे हैं, जिनके नागरिकों के अमेरिका में आने पर प्रतिबंध है। इस सूची में बुर्किना फासो, माली, नाइजर, साउथ सूडान और सीरिया को शामिल किया गया है। सरकार ने फलस्तीनी अथॉरिटी द्वारा जारी यात्रा दस्तावेजों वाले लोगों के भी अमेरिका यात्रा पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।

वहीं आंशिक पाबंदियों का सामना कर रहे देशों की सूची में अब 15 और देशों को भी जोड़ा गया है। इनमें अंगोला, एंटीगुआ और बारबुडा, बेनिन, कोटे डी आइवर, डोमिनिका, गैबॉन, गैम्बिया, मलावी, मॉरिटानिया, नाइजीरिया, सेनेगल, तंजानिया, टोंगा, जाम्बिया और जिम्बाब्वे शामिल हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *