यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी यूपीआई के जरिये एक दिन में लेनदेन की संख्या पहली बार 70 करोड़ के पार पहुंच गई है। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) के मुताबिक, यह उपलब्धि दो अगस्त को हासिल हुई है, जब यूपीआई के जरिये 70.7 करोड़ लेनदेन हुए। पिछले दो वर्षों में यूपीआई के जरिये दैनिक लेनदेन की संख्या दोगुनी हो गई है।
एनपीसीआई के मुताबिक, अगस्त, 2023 में यूपीआई से रोजाना करीब 35 करोड़ लेनदेन होता था। अगस्त, 2024 में यह संख्या बढ़कर 50 करोड़ पहुंच गई। सरकार ने यूपीआई के जरिये प्रतिदिन 100 करोड़ लेनदेन हासिल करने का लक्ष्य रखा है। उम्मीद है कि मौजूदा विकास दर के साथ यह प्लेटफॉर्म अगले वर्ष तक आसानी से लक्ष्य हासिल कर लेगा।
फिनटेक कंपनियों का कहना है, प्रतिदिन 100 करोड़ यूपीआई लेनदेन का लक्ष्य पाने के लिए मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) को फिर से लागू करना चाहिए। सरकार ने यूपीआई के लिए सब्सिडी को घटाकर 2024-25 में 1,500 करोड़ कर दिया है।



