अमेरिका में 1.7 लाख करोड़ डॉलर के बजट को लेकर टकराव गहराता जा रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेताया कि यदि आधी रात तक समझौता नहीं हुआ, तो शटडाउन की स्थिति में लाखों कर्मचारियों की छंटनी और कई डेमोक्रेटिक योजनाओं में कटौती होगी। यह अमेरिका का 15वां शटडाउन हो सकता है।
अमेरिका में संघीय बजट को लेकर टकराव गहराता जा रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर कांग्रेस आधी रात तक समझौता नहीं करती और सरकार का कामकाज ठप (शटडाउन) होता है, तो उनकी सरकार ऐसे अपूरणीय फैसले लेगी, जिन्हें बाद में वापस लेना मुश्किल होगा। ट्रंप ने कहा कि शटडाउन की स्थिति में लाखों कर्मचारियों की छंटनी और डेमोक्रेट्स से जुड़े कई कार्यक्रमों में कटौती की जा सकती है।
संकट की जड़ 1.7 लाख करोड़ डॉलर का वह बजट है जिससे संघीय एजेंसियों का संचालन होता है। यह कुल 7 लाख करोड़ डॉलर के अमेरिकी बजट का करीब एक-चौथाई हिस्सा है। बाकी बजट स्वास्थ्य सेवाओं, पेंशन योजनाओं और 37.5 लाख करोड़ डॉलर के राष्ट्रीय कर्ज के ब्याज भुगतान में खर्च होता है।
बजट पर समझौता न होने की स्थिति में अमेरिका आधी रात से शटडाउन में प्रवेश कर सकता है। अंतिम फैसला रिपब्लिकन-नियंत्रित हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के हाथ में है, जिसकी बैठक बुधवार को होनी है। अगर समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका 1981 के बाद 15वीं बार सरकारी शटडाउन का सामना करेगा। पिछली बार 2018-19 में सरकार 35 दिनों तक बंद रही थी।
वैज्ञानिक शोध, कस्टमर सर्विस व कई अन्य सेवाओं पर असर शुरू
इस बीच संघीय एजेंसियों ने शटडाउन की स्थिति में गैर-जरूरी विभागों और सेवाओं को बंद करने की योजना बनानी शुरू कर दी है। वैज्ञानिक शोध, कस्टमर सर्विस और कई अन्य गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र पर इसका असर सबसे पहले पड़ने की आशंका है। मेडिकेयर के तहत घर पर इलाज और टेलीहेल्थ सेवाओं का भुगतान बंद हो सकता है।
एयरलाइंस ने चेतावनी दी है कि उड़ानों में देरी बढ़ेगी। लेबर डिपार्टमेंट ने कहा कि मासिक बेरोजगारी रिपोर्ट जारी नहीं होगी, जबकि स्मॉल बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन नए कर्ज मंजूर करना रोक देगा। पर्यावरण एजेंसी भी कई प्रदूषण नियंत्रण कार्यक्रम स्थगित करेगी। लंबा शटडाउन गरीब परिवारों की आवासीय सब्सिडी और बच्चों की शिक्षा योजनाओं को भी प्रभावित कर सकता है।
डेमोक्रेट्स बजट में स्वास्थ्य लाभ बढ़ाने का प्रावधान जोड़ना चाहते हैं
डेमोक्रेट्स चाहते हैं कि बजट में लाखों अमेरिकियों के लिए स्वास्थ्य लाभ बढ़ाने का प्रावधान जोड़ा जाए। वहीं रिपब्लिकन चाहते हैं कि इस मुद्दे पर अलग से चर्चा हो। इसी गतिरोध के बीच सोमवार को व्हाइट हाउस में ट्रंप और कांग्रेस नेताओं की बैठक बेनतीजा रही। बैठक के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर विपक्षी नेताओं का मजाक उड़ाते हुए डीपफेक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर और हकीम जेफ्रीज की छवि के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इस पर जेफ्रीज ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, अगली बार सामने आकर बात करें, फर्जी और नस्लवादी वीडियो के जरिये नहीं।



