अमेरिका में एक विमान दुर्घटना होने की खबर है। शुरुआती खबरों के मुताबिक छह लोगों को ले जा रहा एक विमान सैन डिएगो के पास प्रशांत महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अमेरिका के सैन डिएगो में एक विमान हादसा हुआ है। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, 6 लोगों को ले जा रहा एक विमान सैन डिएगो के पास प्रशांत महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। तटरक्षक बल मलबे की खोज कर रहा है।
अमेरिकी तटरक्षक बल के अधिकारियों ने बताया कि रविवार दोपहर को प्वाइंट लोमा के पास समुद्र में मलबा देखा गया। इसके बाद उस इलाके में विमान के मलबे को ढूंढने का काम शुरू हुआ। यह जगह तट से करीब आठ किलोमीटर दूर है और समुद्र की गहराई लगभग 200 फीट (करीब 61 मीटर) है।
संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने बताया कि यह हादसा रविवार दोपहर करीब 12.30 बजे हुआ। विमान के उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही यह हादस हुआ। यह एक ट्विन-इंजन वाला सेसना 414 विमान था। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर डॉट कॉम के अनुसार, यह विमान फीनिक्स शहर की ओर जा रहा था।
राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) और एफएए दोनों ने पुष्टि की है कि वे इस दुर्घटना की संयुक्त जांच कर रहे हैं।



