इससे पहले चार बार जब ऐसा हुआ था तो टीम चैंपियन नहीं बन पाई थी। क्या इस बार चेन्नई इस अनचाहे रिकॉर्ड को तोड़ पाएगी? यह तो वक्त ही बताएगा। आइए जानते हैं इससे पहले चार बार क्या हुआ था….
आईपीएल 2025 का रोमांच फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। इस सीजन के शुरुआती तीन मैचों ने तो व्यूअरशिप के रिकॉर्ड्स भी तोड़ दिए थे। रविवार को सीजन का दूसरा डबल हेडर खेला गया। दिन के दूसरे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। यह चेन्नई की इस सीजन की लगातार दूसरी हार रही।
चेन्नई की टीम इस सीजन अब तक अपने शुरुआती तीन में से दो मैच गंवा चुकी है। यह अब तक 18 सत्र में पांचवीं बार है जब चेन्नई ने अपने शुरुआती तीन में से दो या इससे ज्यादा मैच गंवाए हैं। इससे पहले चार बार जब ऐसा हुआ था तो टीम चैंपियन नहीं बन पाई थी। क्या इस बार चेन्नई इस अनचाहे रिकॉर्ड को तोड़ पाएगी? यह तो वक्त ही बताएगा। आइए देखते हैं, इससे पहले ऐसा कब-कब हुआ था और उस साल चेन्नई की टीम का प्रदर्शन कैसा रहा था…
साल 2009
साल 2009 में चेन्नई ने शुरुआती तीन में से दो मैच गंवाए थे। पहले मैच में उसे मुंबई इंडियंस ने 19 रन से हराया था। फिर दूसरे मैच में सीएसके की टीम आरसीबी को हराने में कामयाब रही थी। इसके बाद तीसरे मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स ने चेन्नई को नौ रन से शिकस्त दी थी। इस साल टीम लीग स्टेज में 14 में से आठ मैच जीत पाई थी। पांच में टीम को हार मिली थी और एक मैच बेनतीजा रहा था। टीम 17 अंक लेकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रही थी। सेमीफाइनल में हालांकि, सीएसके को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों हार का सामना करना पड़ा था और टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। डेक्कन चार्जर्स ने इस साल खिताब अपने नाम किया था।
साल 2012
साल 2012 में भी चेन्नई ने शुरुआती तीन में से दो मैच गंवाए थे। पहले मैच में उसे मुंबई इंडियंस ने आठ विकेट से हराया था। दूसरे मैच में टीम डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 74 रन से जीतने में कामयाब रही थी। तीसरे मैच में चेन्नई को दिल्ली ने आठ विकेट से हराया था। इस साल टीम 16 में से आठ मैच जीतने में कामयाब रही थी। सात में सीएसके को हार का सामना करना पड़ा था और एक मैच बेनतीजा रहा था। 17 अंक लेकर सीएसके की टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर रही थी और प्लेऑफ में पहुंची थी। इसके एलिमिनेटर में सीएसके ने मुंबई को 38 रन से हराया था। फिर क्वालिफायर-दो में चेन्नई ने दिल्ली कैपिटल्स को 86 रन से शिकस्त दी थी। हालांकि, चेन्नई में खेले गए फाइनल में सीएसके को केकेआर के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
साल 2020
साल 2020 में चेन्नई की टीम को शुरुआती तीन में से दो मैचों में हार मिली थी। चेन्नई ने अपने पहले मैच में मुंबई को पांच विकेट से हराया था। इसके बाद राजस्थान के हाथों सीएसके को 16 रन से हार मिली थी। फिर दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई को 44 रन से हराया था। इस साल चेन्नई की टीम 14 में से सिर्फ छह मैच जीत पाई थी और आठ में उसे हार का सामना करना पड़ा था। 12 अंक लेकर सीएसके की टीम अंक तालिका में आठ में से सातवें स्थान पर रही थी और प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी। इस साल मुंबई ने खिताब अपने नाम किया था।
साल 2022
साल 2022 में चेन्नई ने अपने शुरुआती तीनों मैच गंवाए थे। पहले मैच में उसे कोलकाता नाइट राइडर्स ने छह विकेट से हराया था। इसके बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने छह विकेट से शिकस्त दी थी। वहीं, तीसरे मैच में पंजाब किंग्स ने सीएसके को 54 रन से हराया था। इस सत्र में सीएसके की टीम 14 में से सिर्फ चार मैच जीतने में कामयाब हो पाई थी। उसे 10 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। आठ अंक लेकर सीएसके की टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही थी। इस साल गुजरात टाइटंस की टीम चैंपियन बनी थी।
साल 2025
अब साल 2025 में चेन्नई को खराब शुरुआत मिली है। टीम ने अपने पहले मैच में मुंबई को चार विकेट से हराया, लेकिन इसके बाद आरसीबी और आरआर के खिलाफ हार गई। अब उसे प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए बाकी बचे 11 मैचों में से कम से कम सात-आठ मैच जीतने होंगे (अगर 16 को क्वालिफाइंग अंक मानें तो)। एक यह भी संयोग है कि साल 2012 को छोड़ दें तो बाकी तीन सत्रों के अगले सत्र में चेन्नई की टीम ने जबरदस्त वापसी की थी। साल 2010, 2021 और 2023 में सीएसके की टीम चैंपियन बनी थी। चेन्नई की टीम पांच बार की चैंपियन है। ऐसा माना जा रहा है कि यह 43 साल के धोनी का आखिरी आईपीएल हो सकता है। ऐसे में सीएसके के बाकी खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर उन्हें खिताब के साथ विदा करने की कोशिश करेंगे।



