ADGP Suicide Case: राहुल गांधी अमनीत पी कुमार के घर पहुंचे, ओपी सिंह को डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार

ADGP Suicide Case: राहुल गांधी अमनीत पी कुमार के घर पहुंचे, ओपी सिंह को डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार

हरियाणा के एडीजीपी आईपीएस वाई पूरण कुमार ने पिछले मंगलवार को अपने घर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। अब इस मामले को लेकर सियासत भी गरमा गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज अमनीत पी कुमार के घर पहुंचे हैं। 

राहुल गांधी आईएएस अमनीत पी कुमार के घर पहुंचे

राहुल गांधी आईएएस अमनीत पी कुमार के घर पहुंच गए हैं। उनके साथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राव नरेंद्र भी हैं। परिवार से मुलाकात के बाद राहुल गांधी सीधे एयरपोर्ट जाएंगे।  

राहुल गांधी चंडीगढ़ पहुंचे

राहुल गांधी चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग राहुल गांधी को रिसीव करने चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे। राहुल एयरपोर्ट से सीधे सेक्टर 24 एडीजीपी निवास के लिए रवाना हुए।

ओमप्रकाश कार्यकारी डीजीपी नियुक्त

हरियाणा के डीजीपी बदल दिए गए हैं। आईपीएस ओमप्रकाश सिंह को नया कार्यकारी डीजीपी नियुक्त किया गया है। ओमप्रकाश दिवंगत अदाकार सुशांत सिंह राजपूत के जीजा हैं। इससे पहले सरकार ने देर रात डीजीपी शत्रुजीत कपूर को लंबी छुट्टी पर भेज दिया था। 

कांग्रेस शोकाकुल परिवार के साथ

हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सांसद राहुल गांधी सिर्फ सांत्वना देने ही नहीं बल्कि साफ संदेश देने आ रहे हैं कि कांग्रेस शोकाकुल परिवार के साथ है।

नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा प्रदेशभर में करेगी प्रदर्शन

वाई पूरण कुमार के परिवार के समर्थन में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगी। कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश शास्त्री ने बताया कि आज एक प्रतिनिधि मंडल सेक्टर 24 स्थित आवास पर पीड़ित परिवार से मिलेगा। सांत्वना देने के बाद आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर कोई बड़ा और कड़ा निर्णय भी लिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सभी पदाधिकारियों की राय ली जाएगी।

हरियाणा में अलर्ट

आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या के बाद बढ़ते विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने राज्यभर में अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं महापंचायत की तरह से दिया गया 48 घंटे का अल्टीमेटम का समय भी पूरा हो रहा है। देर रात मुख्य सचिव कार्यालय के राजनीतिक शाखा की ओर से यह निर्देश जारी किए गए, जिसमें सभी डीसी, एसपी, आईजीपी और पुलिस आयुक्तों को कानून-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।

सरकार के निर्देशों में कहा गया है कि हाल के दिनों में पूर्ण कुमार की मौत से जुड़े घटनाक्रमों को देखते हुए राज्य में सामाजिक तनाव की स्थिति बन सकती है। इसलिए सभी जिलों में स्थानीय संगठनों और सामुदायिक नेताओं से समन्वय बनाए रखते हुए हालात पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।

निर्देशों में अधिकारियों को यह भी कहा गया है कि किसी भी ऐसी गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें जो शांति और सौहार्द को प्रभावित कर सकती है। साथ ही स्थिति की नियमित रिपोर्ट सरकार को भेजने के भी आदेश दिए गए हैं।

सीएम दिल्ली दौरा रद्द कर लौटे चंडीगढ़

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार शाम चंडीगढ़ से सोनीपत और फिर दिल्ली जाने वाले थे। सोनीपत में उन्होंने रैली स्थल का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इस बीच उनके पास रैली रद्द होने का संदेश आया। इस पर उन्होंने दिल्ली दौरा रद्द कर दिया। मंगलवार को उन्हें नूंह में आयोजित वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रम में शामिल होना था। उन्होंने वह कार्यक्रम भी रद्द कर दिया।

कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचने लगे सेक्टर 24

राहुल गांधी के दाैरे को लेकर हरियाणा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ साथ युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता इस दाैरान मौजूद होंगे। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सेक्टर 24 पहुंचना शुरू हो गए हैं।

अमनीत पी कुमार को मनाने के प्रयास तेज

सरकार की ओर से सोमवार को भी वाई पूरण कुमार की पत्नी और उनके परिजनों को मनाने का प्रयास जारी रहा। सरकार की ओर से मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी दो बार अमनीत कुमार के आवास पहुंचे और काफी देर तक परिजनों को मनाने का प्रयास करते रहे। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री व पूर्व सीएम मनोहर लाल के निर्देश पर उनके करीबी भी दलित वर्ग के नेताओं के साथ अमनीत कुमार के आवास पर पहुंचे और परिजनों को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए मनाने की कोशिश की।

राहुल गांधी के साथ आ सकती हैं सोनिया गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सुबह साढ़े 10 बजे अमनीत पी कुमार के आवास पहुंचेंगे। उनके साथ सोनिया गांधी के भी आने की चर्चा है। वह इस समय प्रियंका गांधी के साथ शिमला में हैं। बताया जा रहा है कि यदि सोनिया का स्वास्थ्य ठीक रहा है तो वह जरूर आएंगी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मंगलवार दोपहर में अमनीत के आवास पर पहुंचेंगे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *