उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पंचुर गांव से माता सावित्री देवी की शव यात्रा के साथ लक्ष्मणझूल कांडी सड़क मार्ग से हरिद्वार के लिए रवाना हो गए हैं। इससे पहले उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान वह रो पड़े।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां के अंतिम दर्शन करके रो पड़े। अब अंतिम यात्रा पंचुर गांव से हरिद्वार के लिए रवाना हो गई है।
सीएम योगी की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया था। उन्होंने 89 वर्ष की आयु में अपने पैतृक गांव पंचूर में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली थी। शुक्रवार को ही योगी आदित्यनाथ ने पैतृक गांव पहुंचकर पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान वह भावुक हो गए थे।
सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रहीं थीं। पिछले तीन वर्षों से अधिक परेशानी होने के कारण उन्हें एक बार एम्स ऋषिकेश में और एक बार जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां को देखने अस्पताल पहुंचे थे। योगी बीती 7 मई को पंचूर गांव पहुंचे थे और 8 मई को वापस चले गए थे। उस दौरान उन्होंने अपनी मां से अंतिम बार मुलाकात की थी। परिजनों के अनुसार सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार स्थित चंडी घाट पर किया जाएगा, यही पंचूर गांव का पैतृक घाट है।
सावित्री देवी के निधन की सूचना मिलते ही पंचूर गांव में नाते-रिश्तेदार उमड़ने लगे। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर पसर गई। वहीं, शाम को योगी भी गांव पहुंच गए। उन्होंने अपनी मां के अंतिम दर्शन किए। भावुक स्थिति में उन्होंने परिजनों से बातचीत की। सूत्रों के अनुसार, योगी अंतिम संस्कार के बाद ही लौटेंगे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी और राज्यपाल ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। मां का निधन परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उनके परिजनों के साथ हैं।
बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान कर शोकाकुल परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। वहीं, राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने भी योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर शोक जताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।



