दिवाली के बाद सोना और चांदी के भाव में भारी गिरावट आई है। बरेली में बीते दस दिनों की बात करें तो प्रति दस ग्राम सोना 12800 रुपये सस्ता हुआ है। प्रति किलो चांदी में 16,000 रुपये की गिरावट आई है।
दिवाली के बाद सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का क्रम जारी है। बरेली में दस दिनों में सोना प्रति दस ग्राम सोना 12,800 रुपये, चांदी प्रति किलो 16,000 रुपये सस्ती हो गई है। इससे सराफा कारोबार में तेजी आई है। साथ ही, निवेशक भी सक्रिय हो गए हैं।
सराफा कारोबारियों के मुताबिक, दिवाली के अगले दिन यानी 21 अक्तूबर को 24 कैरट सोने का भाव प्रति दस ग्राम 1,33,500 रुपये था जो 30 अक्तूबर को 12,800 रुपये लुढ़ककर 1,20,700 रुपये पर टिका। वहीं, चांदी प्रति किलो 1.64 लाख रुपये से गिरकर बृहस्पतिवार को 1,47,800 रुपये पर टिकी। अब अगले माह सहालग शुरू होंगे। ऐसे में जो लोग गहनों की खरीदारी के लिए भाव गिरने का इंतजार कर रहे थे, वे बाजार में पहुंचने लगे हैं। इससे कारोबार में तेजी आई है। निवेशक भी सक्रिय हो गए हैं।
आलमगिरीगंज के सराफा कारोबारी अंकुर शर्मा के मुताबिक, आगे भी कीमतों में गिरावट का दौर जारी रहेगा या नहीं, यह कहना मुश्किल है। हालांकि, गिरावट से वे निवेशक जिन्होंने पूर्व में बढ़ती कीमतों के दौरान खरीदारी की थी, वे निराश हैं। नए निवेशकों के लिए मौका उपयुक्त माना जा रहा है।
72 घंटे में सोना 43 सौ, चांदी 32 सौ रुपये लुढ़की
बरेली सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल के मुताबिक 27 अक्तूबर को सोने का भाव प्रति दस ग्राम 1.25 लाख रुपये था जो महज 72 घंटे में 43 सौ रुपये लुढ़ककर 1,20,700 रुपये पहुंच गया। चांदी 1.51 लाख प्रति किलो से गिरकर 1,47,800 रुपये पर है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एमसीएक्स) से भाव जारी होता है। इसमें प्रतिदिन उतार-चढ़ाव जारी है।
निवेशक न हों परेशान, सोना हमेशा रहेगा खरा
वित्तीय सलाहकार सीए अरविंद सिंह के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना, चांदी अपने सर्वाधिक मूल्य के सापेक्ष लुढ़के हैं। यह कोई नई बात नहीं है। कोरोना महामारी के दौरान भी सोना करीब दस हजार रुपये उछला, लेकिन कुछ दिन बाद छह हजार लुढ़का था। फिर धीरे-धीरे बढ़ती कीमत पुराने भाव से अब करीब ढाई गुना तक बढ़ चुकी है। इसलिए निवेशकों को परेशान होने की जरूरत नहीं। सोना खरा था और रहेगा।
बीते छह दिनों में सोने चांदी का भाव
तिथि सोना प्रति दस ग्राम चांदी प्रति किलो
- 23 अक्तूबर 1,27,800 1,56,500
- 24 अक्तूबर 1,27,700 1,55,000
- 25 अक्तूबर 1,27,000 1,53,000
- 26 अक्तूबर 1,25,700 1,52,000
- 27 अक्तूबर 1,25,000 1,51,000
- 28 अक्तूबर 1,23,700 1,48,000
- 29 अक्तूबर 1,21,000 1,48,500
(नोट : बरेली सराफा एसोसिएशन के अनुसार सोने और चांदी का भाव रुपये में)



