सोना 1400 रुपये बढ़कर 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर, चांदी 1000 रुपये मजबूत हुई

सोना 1400 रुपये बढ़कर 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर, चांदी 1000 रुपये मजबूत हुई

आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की ताजा लिवाली से शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 1,400 रुपये बढ़कर 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं, चांदी 1,000 रुपये बढ़कर 98,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर पहुंच गई। आइए जानते हैं सर्राफा बाजार का विस्तृत हाल।

आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की ताजा लिवाली से शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 1,400 रुपये बढ़कर 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने इसकी पुष्टि की है। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,400 रुपए की बढ़त के साथ 96,000 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के भाव पर कारोबार करता दिखा।

चांदी 1000 रुपये उछली

गुरुवार को 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 95,050 रुपये और 94,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसके अलावा, शुक्रवार को चांदी की कीमत 1,000 रुपये बढ़कर 98,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। पिछले बाजार सत्र में यह धातु 97,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

वैश्विक बाजार में सोने में नरमी

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना हाजिर 50.85 डॉलर या 1.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,189.25 डॉलर प्रति औंस रह गया। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक (कमोडिटी एवं करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, “अमेरिका और ब्रिटेन व चीन जैसे प्रमुख साझेदारों के बीच संभावित व्यापार समझौतों को लेकर बाजार की प्रतिक्रिया के कारण सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव रहा और यह 3,200 डॉलर के आसपास रहा।” त्रिवेदी ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से नरम रुख का संकेत नहीं मिलने और ब्याज दरों में तत्काल कटौती नहीं होने से सर्राफा में खरीदारी की गति सीमित रही।

आगे के रुख के लिए अमेरिकी अर्थव्यवस्था के आंकड़ों का इंतजार

कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च की एवीपी कायनात चैनवाला ने कहा कि बाजार के सहभागियों को अमेरिका के वृहद आर्थिक आंकड़ों, जैसे कि आवास के आंकड़े और मई के लिए मिशिगन विश्वविद्यालय की प्रारंभिक उपभोक्ता भावना और मुद्रास्फीति की उम्मीदों से जुड़ी रिपोर्ट का इंतजार है। कमोडिटी विशेषज्ञों के अनुसार, निवेशक दिन में बाद में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की फेडरल ओपन मार्केट कमेटी की सदस्य मैरी डेली की टिप्पणी का इंतजार करेंगे। डेटा रिलीज और डेली की टिप्पणी ब्याज दर निर्णय चक्र के भविष्य के पाठ्यक्रम पर अधिक जानकारी प्रदान करेगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *