हरियाणा के 1233 गांवों में बाढ़… दो हाईवे और कई सड़कें बंद, सात की मौत; आज भारी बारिश

हरियाणा के 1233 गांवों में बाढ़… दो हाईवे और कई सड़कें बंद, सात की मौत; आज भारी बारिश

हरियाणा में नदियां उफान पर हैं। 1233 गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं। दो हाईवे और कई सड़कें बंद हैं। आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चार जिलों में एसडीआरएफ लगाई गई है। सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक बह गया, उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। गुरुग्राम के कार्यालयों में आज भी वर्क फ्रॉम होम है।

अंबाला में लगातार हो रही भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानो में  चार सितंबर तक अवकाश घोषित कर दिया है। यह फैसला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। मौसम विभाग ने हरियाणा में पांच सितंबर तक बारिश की संभावना जताई है जिसके चलते प्रशासन ने यह फैसला लिया है। 

खतरे के निशान से ऊपर बह रही नदियां 

बीते कुछ दिनों से अंबाला में भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मारकंडा और घग्गर नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिससे कई कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, इसी अंबाला के डीसी ऑफिस में भी पानी भर गया है। अंबाला कैंट के कई इलाकों में पानी घरों और मंदिरों में घुस गया है जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से बूस्टर पंप लगाकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

झज्जर में भी बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान 

वहीं, झज्जर में भी भारी बारिश से कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी सरकारी,  निजी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को आगामी 6 सितंबर तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश स्कूल स्टाफ सदस्यों पर लागू नहीं होंगे और वह ड्यूटी पर रहेंगे। 
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घर पर सुरक्षित रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। विशेषकर निचले इलाकों, नालों व ड्रेनों के आसपास न जाने की सलाह दी गई है। किसी भी बाढ़ संबंधी आपात स्थिति या सहायता के लिए जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष का हेल्पलाइन नंबर 01251-254270 जारी किया गया है।

सात की मौत 

हरियाणा में नदियों में उफान के कारण 1233 गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं। दो हाईवे और कई सड़कें बंद हैं।अब तक हरियाणा में बाढ़ से सात लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे हरियाणा के विभिन्न स्थानों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके लिए बुधवार को पूरे हरियाणा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद अगले दो दिन दक्षिण हरियाणा के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। 

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *