19 वर्षीय युवती की हत्या: हिमाचल के मंडी जिले की घटना, बीच सड़क पर गला काटकर उतारा मौत के घाट; आरोपी पकड़ा

19 वर्षीय युवती की हत्या: हिमाचल के मंडी जिले की घटना, बीच सड़क पर गला काटकर उतारा मौत के घाट; आरोपी पकड़ा

19 वर्षीय युवती की हत्या : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक कॉलेज छात्रा की बीच सड़क में गला काटकर हत्या कर दी गई है। छात्रा सोमवार सुबह कॉलेज जा रही थी। वहीं, वहीं  आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। कॉलेज जाने के लिए घर से निकली 19 वर्षीय छात्रा की एक सिरफिरे युवक ने सरेराह दराट से कई वार कर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने छात्रा के गले में बाईं तरफ सात से आठ बार वार किए, जिससे गर्दन लगभग धड़ से अलग ही हो गई और बचाव में उठाया गया हाथ भी बुरी तरह कट गया। छात्रा के घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर वारदात के बाद पूरे इलाके में जनाक्रोश भड़क गया। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन गुस्साए लोगों ने सोमवार देर शाम सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर मौहीं में चक्का जाम कर दिया। पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल हत्या के कारण साफ नहीं हो पाए हैं। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है। तकनीकी तौर पर भी जांच पड़ताल की जाएगी। आसपास के लाेगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपी मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपी सनकी लग रहा है। एक महिला से सीसीटीवी से आरोपी की पहचान की है। – विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक मंडी

आरोपियों की धरपकड़ के बजाय पुलिस स्थानीय लोगों और परिजनों को मौके पर रोकती रही- जयराम ठाकुर
घटना पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकाघाट में बिटिया के साथ जो हुआ वह सोचकर ही मन विचलित हो रहा है। दिन दहाड़े इस तरह की घटना की देवभूमि में कल्पना भी नहीं की जा सकती। इस घटना न केवल पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है, बल्कि हर उस परिवार को डरा दिया है जिनकी बेटियां शिक्षा के लिए घर से बाहर निकलती हैं। जिस प्रदेश को हम सुरक्षित मानते थे, वहां अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए? हैरानी की बात यह है कि आरोपियों की धरपकड़ के बजाय पुलिस स्थानीय लोगों और परिजनों को मौके पर रोकती रही। सरकार मूकदर्शन बनी हुई है। कानून व्यवस्था का बुरा हाल है।इस घटना में शामिल लोगों के उनके इस जघन्य अपराध की ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो भविष्य में उदाहरण बने। ईश्वर से प्रार्थना है कि बिटिया की आत्मा को शांति दें और परिजनों को यह असह्य दुःख सहन करने की शक्ति दें।

सरकाघाट के स्थानीय कांग्रेस नेता युदोपति ठाकुर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अभी अभी मेरे को एक दुखद समाचार प्राप्त हुआ कि हमारे सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की गोपालपुर पंचायत के लगते गांव नैण से संबंधित एक 19 वर्षीय छात्रा का कुछ अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। मैंने पुलिस विभाग सरकाघाट के पदाधिकारियों से बात करके कहा है कि इस मामले से जुड़े हुए आरोपियों की जल्द पहचान करके उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही अम्ल में लाई जाए।

गोपालपुर हत्याकांड पर भड़की वंदना गुलेरिया
सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर में 19 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना को लेकर पूर्व जिला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया ने पत्रकार वार्ता में प्रदेश सरकार, प्रशासन और कानून व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। वंदना गुलेरिया ने कहा कि जिस हिमाचल को देवभूमि कहा जाता है, आज उस शब्द को बोलने में भी जुबान लड़खड़ा रही है। उन्होंने कहा कि एक मासूम बेटी का गला रेतकर की गई हत्या सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम, पुलिस और सत्ता के मुंह पर करारा तमाचा है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, हमारी बेटियों की जान इतनी सस्ती कब से हो गई कि कोई भी दरिंदा खुलेआम आकर एक जिंदगी को बेरहमी से खत्म कर दे? कानून का खौफ आखिर कहां है और बेटियों को सुरक्षित माहौल देने के वादे कहां गए? गुलेरिया ने समाज के नाम सख्त संदेश देते हुए कहा कि जो लोग इंसान की शक्ल में भेड़िए बनकर घूम रहे हैं, यह उनकी मर्दानगी नहीं बल्कि कायरता है। अब बहुत हो चुका है। हम केवल गिरफ्तारी से संतुष्ट नहीं होंगे, बल्कि ऐसी सजा की मांग करते हैं जो पूरे प्रदेश में नजीर बने।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी ऐसी घटना को अंजाम देने से पहले हजार बार सोचे। हमें इंसाफ चाहिए और वह भी तुरंत। यदि कानून बेटियों को सुरक्षा देने में असमर्थ है, तो उसे अपनी विफलता स्वीकार करनी चाहिए। वंदना गुलेरिया ने यह भी कहा कि प्रशासन को यह स्पष्ट करना होगा कि सुरक्षा में चूक कहां हुई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आज इस बेटी के साथ यह हुआ है, कल किसी और की बारी हो सकती है। अगर आज भी हम खामोश रहे, तो हम भी इस अपराध के बराबर के जिम्मेदार होंगे। अंत में उन्होंने प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को ऐसी सजा दी जाए, जिससे भविष्य में देवभूमि में किसी भी बेटी के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो सके।

19 वर्षीय बालिका हल्याकांड मामले में महिला आयोग ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मंडी के सरकाघाट में एक 19 वर्षीय बालिका की तेज धार हथियार से गला काट कर निर्मम हत्या करने के मामले में महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। इस मामले को महिला आयोग की अध्यक्षा विद्या नेगी ने घटना की कड़ी निंदा की और गहरा दुख जताया। मामले को लेकर उन्होंने कहा कि यह एक शर्मनाक घटना है और हमारी बेटियां कितनी सुरक्षित हैं इसपर बड़ा सवाल उठता है।

उन्होंने कहा कि मामले की सूचना मिलते ही राज्य महिलाओं आयोग ने इस पर संज्ञान लिया है और इस मामले में एसपी मंडी से कड़ी कार्यवाही की मांग की है। साथ ही कहा है कि आरोपी को सख्त सजा (फांसी) मिलनी चाहिए। कहा कि इस मामले को लेकर महिला आयोग ने एसपी मंडी से रिपोर्ट भी मांगी है। अध्यक्षा ने कहा इस के अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए हम सब को मिल कर काम करना होगा ताकि महिलाएं और बेटियां सुरक्षित हों और दोबारा कोई इस तरह के अपराधों को अंजाम न दे सके। 

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *