मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांग रहे आंदोलनकारी आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर जमा होने की योजना बना रहे हैं। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अभिजीत दीपके के नेतृत्व वाली कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलनकारियों को राज्यों में ही रोकने के निर्देश दिए हैं। इसी साल जून में विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली किले में तब्दील हो चुकी है।
दिल्ली में प्रदर्शन से पहले पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अब तक 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि अलग-अलग जगहों से समूहों में दिल्ली पहुंच रहे करीब 500 लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा, माहौल बिगाड़ने की आशंका के चलते आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लगभग 50 लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई दिल्ली को 20 जोन में बांटा गया है। हर जोन में हिरासत केंद्र बनाया गया है। इसके साथ ही दिल्ली के सभी स्टेडियमों में भी हिरासत केंद्र स्थापित किए गए हैं।
IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर कड़ी निगरानी
कॉकरोच जनता पार्टी के आज प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। इसी बीच इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) के टर्मिनल-3 के दृश्य सामने आए हैं।
सीजेपी प्रदर्शनकारी हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हो रहे कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
कई इलाके छावनी में तब्दील
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के हजारों जवानों की तैनाती की गई है। दिल्ली के कुछ इलाकों को छावनी में तब्दील किया गया है।
नई दिल्ली में मंडी हाउस से जंतर-मंतर की तरफ जाने वाले रास्ते पर सुरक्षा का तगड़ा पहरा है। दिल्ली पुलिस वाहनों को चेकिंग करने के बाद ही आगे जाने दे रही है। दिल्ली पुलिस ने मंडी हाउस की ओर जाने वाली फिरोज शाह रोड पर भी बैरिकेड्स लगा दिए हैं। वहीं, जनपथ गोल चक्कर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
उधर, दिल्ली पुलिस ने राजधानी से सटे दूसरे राज्यों की सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ाई है। अहम जगहों पर पुलिसकर्मी और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान तैनात किए गए हैं। दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस के साथ अतिरिक्त बल को लगाया गया है। साथ ही, बॉर्डर पर बैरिकेड लगाए गए हैं और गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। इसी तरह, दिल्ली और गाजियाबाद के बीच लोनी गोल चक्कर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है।
अभिजीत दीपके बोले- गिरफ्तारी से नहीं डरता
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा “मैं सोचता हूं कि इस देश के प्रधानमंत्री देश के युवाओं और आम लोगों से इतना क्यों डर रहे हैं? सभी रेल सेवाएं बंद करने की क्या जरूरत थी? मेट्रो का संचालन रोकने की क्या जरूरत थी? इंटरनेट बंद कर दिया गया और सड़कों को रोक दिया गया। जम्मू-कश्मीर से सेना बुलाकर दिल्ली में तैनात कर दिया गया। नक्सल प्रभावित इलाकों से CRPF के जवानों को बुलाकर दिल्ली में तैनात किया गया। क्या नरेंद्र मोदी और अमित शाह अपने ही देश के लोगों के खिलाफ युद्ध करना चाहते हैं? क्या ज्ञानेश कुमार उनके लिए इतने खास हैं कि वे अपने ही नागरिकों के खिलाफ पुलिस और सेना का इस्तेमाल कर रहे हैं?”
उन्होंने आगे कहा “प्रधानमंत्री मोदी डरे हुए हैं। उन्हें डर है कि इस सबके बाद देश के लोग उन्हें वोट नहीं देंगे। इसलिए सिर्फ सत्ता में बने रहने के लिए लोगों को ट्रेनों से उतारा जा रहा है। सोसायटियों में घोषणाएं की जा रही हैं कि लोग प्रदर्शन में शामिल न हों। दिल्ली पुलिस लोगों के घरों पर जाकर उन्हें प्रदर्शन में शामिल नहीं होने के लिए कह रही है। लेकिन हम प्रदर्शन क्यों न करें? विरोध करना हमारा मौलिक अधिकार है। संविधान का अनुच्छेद 19 हमें लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार देता है और हम यही करना चाहते हैं।” जब उनसे पूछा गया कि दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर क्या उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है, तो उन्होंने कहा कि अगर वे मुझे हिरासत में लेना या गिरफ्तार करना चाहते हैं, तो कर लें। मैं इसके लिए तैयार हूं। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे मुझे गिरफ्तार करते हैं या हिरासत में लेते हैं। UAPA लगा दें, NSA लगा दें, जो करना है कर लें। लेकिन निष्पक्ष चुनाव कराने और देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।
जंतर-मंतर पर आज प्रदर्शन करेंगे सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके, मुंबई से दिल्ली रवाना
महाराष्ट्र के मुंबई से कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। वह आज जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होंगे।



