दिल्ली-एनसीआर में बारिश से लगा जाम, सड़क से लेकर विमान सेवा पर दिखा असर; अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से लगा जाम, सड़क से लेकर विमान सेवा पर दिखा असर; अलर्ट जारी

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में  जोरदार बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।  इस सप्ताह भी दिल्ली में मानसून मेहरबान रहेगा। ऐसे में बारिश की फुहारें रुक-रुक कर लोगों को भिगोती रहेंगी। 

गाजियाबाद में बारिश से कई जगह जलभराव
तड़के हुई बारिश के बाद सड़क किनारे जलभराव् हो गया। इसके बाद दिल्ली-मेरठ हाईवे पर भयंकर जाम लग गया। सुबह पांच से ही वाहनों की कतारे सड़क पर दिखने लगी। सुबह स्कूल पहुंचने में बच्चों को भी देरी हो गई। ड्यूटी और अन्य जरूरी कार्यों से घर से निकले लोग अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाए। वाहनों की कतारें गंगनहर पुल को भी पार कर गई। वाहनों के आमने-सामने आने की वजह से पुलिस भी जाम खुलवाने में नाकाम रही। संपर्क मार्गों पर लोगों का रुख हुआ तो वहां भी जाम लग गया। इससे कॉलोनी के लोगों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

ग्रेटर नोएडा में एक अंडरपास में लगा जाम
दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह हुई बारिश की वजह से सड़क यातायात और विमान सेवा को काफी हद तक असर पड़ा है। इस दौरान लोगों को ऑफिस जाते हुए लंबे ट्रैफिक से झूझना पड़ा। सड़कों पर पानी भर गया। विमान सेवा में देरी से यात्री परेशान दिखे। बारिश का सबसे ज्यादा असर राष्ट्रीय राजमार्ग 48 जैसे प्रमुख मार्गों पर देखने को मिला, जो गुरुग्राम और दिल्ली को जोड़ता है। यातायात की गति धीमी रही और व्यस्ततम समय शुरू होने के साथ ही भीड़भाड़ बढ़ती गई। गुरुग्राम से दिल्ली और दिल्ली से दिल्ली जाने वाले दोनों ही मार्गों पर यातायात की गति धीमी रही, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।

राजधानी दिल्ली में जोरदार बारिश की वजह से महरौली-बदरपुर रोड पर जलभराव हो गया। जिसकी वजह से जाम भी लग गया। वाहन एक कतार में जाते हुए दिखे।  

ग्रेटर नोएडा में बारिश की वजह से लगा लंबा जाम
ग्रेटर नोएडा में 130 मीटर रोड और गुलिस्तानपुर अंडरपास में पानी भर गया है। जिसकी वजह से दोनों जगह जाम लग गया है। वहीं इसकी वजह से लोग परेशान हो रहे हैं। पानी में स्कूल बस समेत कई वाहन भी खराब हो गए हैं।

मिलेनियम सिटी में तड़के से झमाझम बारिश
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में सोमवार सुबह तड़के करीब चार बजे से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जो रुक-रुक कर जारी है। कई इलाकों में पानी भरने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। वातावरण तो जरूर सुहावना हुआ है, लेकिन आम लोगों की दिक्कतें भी बढ़ गई हैं। सेक्टर 4, 7, राजीव नगर, सोहना रोड, सुभाष चौक, पालम विहार जैसे इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटे में और बारिश की संभावना है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को अधिकतम तापमान जहां 33 डिग्री सेल्सियस था, वहीं सोमवार को यह गिरकर 27 डिग्री पर आ गया।

बारिश से बिगड़ा ग्रेटर नोएडा का ट्रैफिक सिस्टम, प्रमुख चौराहों पर जाम
तेज बारिश ने सोमवार सुबह ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर जलभराव और जाम की गंभीर स्थिति पैदा कर दी। सुबह छह बजे से साढ़े सात बजे के बीच हुई तेज वर्षा के चलते शहर के कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर भारी जलभराव हो गया। जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बारिश के चलते किसान चौक, एक मूर्ति चौक, बिसरख चौक और एल्डिको चौक जैसे व्यस्ततम चौराहों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। दफ्तर, स्कूल, फैक्ट्री और कंपनियों के लिए सुबह निकले लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। ट्रैफिक रेंगता रहा और कई इलाकों में गाड़ियां पूरी तरह ठहर गईं। सबसे अधिक समस्या 130 मीटर रोड और गुलिस्तानपुर अंडरपास में देखने को मिली। जहां बारिश का पानी जमा हो गया और अंडरपास में जलभराव के कारण जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। इस दौरान कई वाहन स्कूल बसें पानी में बंद हो गईं। जिससे छात्र परेशान हो गए। प्रमुख चौराहों पर  बारिश के बाद लगे जाम को हटाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। जगह-जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मी यातायात को सामान्य करने की कोशिश करते नजर आए। बता दे कि शहर में कई जगह पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हर बार बारिश में यही स्थिति बनती है। बारिश के बाद हुए इस भारी जाम ने नगर प्राधिकरण और ट्रैफिक विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी है। वर्षा से पहले ही नालों की सफाई और जलभराव से निपटने की व्यवस्थाएं करने के दावे हर बार की तरह इस बार भी कागजों तक ही सीमित रह गए।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान विभिन्न इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। गरज चमक के साथ जोरदार बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर में बारिश की वजह से कई इलाकों में ट्रैफिक की रफ्तार थम गई है। कई इलाकों में पानी भरने से ट्रैफिक जाम हो गया है। 

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *