Russia-Ukraine War: ‘एक-दूसरे से नफरत करते हैं जेलेंस्की-पुतिन’, ट्रंप का दावा- रूस-यूक्रेन समझौता बहुत करीब

Russia-Ukraine War: ‘एक-दूसरे से नफरत करते हैं जेलेंस्की-पुतिन’, ट्रंप का दावा- रूस-यूक्रेन समझौता बहुत करीब

रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का दावा है कि शांति समझौता अब बहुत करीब है, लेकिन जेलेंस्की और पुतिन की आपसी नफरत इस राह की बड़ी मुश्किल बनी हुई है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बताया कि उन्होंने खुद पुतिन से बात कर कीव पर हमले रोकने की अपील की थी।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की दिशा में बातचीत अब काफी नजदीक पहुंच चुकी है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच गहरी दुश्मनी शांति समझौते को मुश्किल बना रही है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘जेलेंस्की और पुतिन एक-दूसरे से नफरत करते हैं, और इससे समझौता करना बहुत मुश्किल हो जाता है। लेकिन मुझे लगता है कि हम समाधान के बहुत करीब हैं।’

ट्रंप ने पुतिन से कीव पर हमले रोकने का किया अनुरोध
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी बताया कि उन्होंने हाल ही में पुतिन से फोन पर बात की और उनसे एक हफ्ते तक कीव और दूसरे शहरों पर हमले रोकने का अनुरोध किया था। उनके मुताबिक, ‘मैंने पुतिन से व्यक्तिगत तौर पर कहा कि एक हफ्ते तक कीव और अन्य शहरों पर हमला न करें, और उन्होंने इस बात पर सहमति जताई।’ ट्रंप ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि इस समय यूक्रेन और रूस दोनों ही जगहों पर असाधारण ठंड पड़ रही है। उनके शब्दों में, ‘ये सामान्य ठंड नहीं है, रिकॉर्ड तोड़ ठंड है। इतनी ठंड उन्होंने पहले कभी नहीं देखी।’

दक्षिणी जापोरिजिया में रूसी हमले में तीन की मौत
हालांकि, जमीनी हकीकत अभी भी गंभीर बनी हुई है। यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी जापोरिजिया इलाके में रूसी ड्रोन हमले में तीन लोगों की मौत हुई है। जेलेंस्की ने चेतावनी दी है कि रूस एक बड़े हमले की तैयारी कर सकता है।

रूस ने जेलेंस्की को मॉस्को में बातचीत का दिया न्योता
इसी बीच, अमेरिका की मध्यस्थता से शांति वार्ता इस सप्ताहांत होने की उम्मीद है। रूस ने जेलेंस्की को मॉस्को में बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि अगर जेलेंस्की बातचीत के लिए तैयार होते हैं तो रूस उनकी सुरक्षा और सभी इंतजाम सुनिश्चित करेगा। यह प्रस्ताव अबू धाबी में हुई हालिया रूस-यूक्रेन-अमेरिका की त्रिपक्षीय बैठक के बाद सामने आया है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *