आज के समय में व्हाट्सएप सिर्फ बातचीत का माध्यम नहीं रह गया है। लोग इसके जरिए जरूरी दस्तावेज, फोटो और निजी जानकारियां भी साझा करते हैं। वहीं, कंप्यूटर पर काम करने वाले लोग अक्सर व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल करते हैं। इससे बार-बार मोबाइल देखने की जरूरत नहीं पड़ती, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी एक छोटी सी लापरवाही निजी बातचीत को खतरे में डाल सकती है।
दरअसल, केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर I4C ने व्हाट्सएप वेब की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसमें खासतौर पर ऑफिस, सार्वजनिक और शेयरिंग कंप्यूटर पर अकाउंट लॉगिन करने को लेकर सावधान किया गया है। तो चलिए जानते हैं इस बारे में। आप अगली स्लाइड्स में व्हाट्सएप वेब के इस खतरे के बारे में और इससे बचने के तरीकों के बारे में जान सकते हैं…
एक्टिव सेशन से कैसे हो सकता है नुकसान?
- I4C की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) के मुताबिक, अगर किसी कंप्यूटर पर आपका व्हाट्सएप वेब अकाउंट लॉगिन है और उस सिस्टम तक दूसरे लोगों की पहुंच है, तो वे इसका गलत फायदा उठा सकते हैं
- ऐसी स्थिति में कोई अनधिकृत व्यक्ति आपकी निजी चैट पढ़ सकता है
- इसके अलावा कॉन्टैक्ट लिस्ट और ग्रुप की बातचीत भी देख सकता है
- सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि कोई व्यक्ति आपकी पहचान का इस्तेमाल करके दूसरों को मैसेज भेज सकता है
- इससे फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों का खतरा बढ़ सकता है
क्या ब्राउजर बंद करके इससे बच सकते हैं?
- अक्सर लोग कंप्यूटर पर व्हाट्सएप इस्तेमाल करने के बाद ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देते हैं
- उन्हें लगता है कि इससे अकाउंट भी लॉगआउट हो गया होगा, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है
- I4C ने स्पष्ट किया है कि ब्राउजर बंद करने से व्हाट्सएप वेब का सक्रिय लॉगिन सेशन समाप्त नहीं होता
- इसलिए इस्तेमाल पूरा होने के बाद खुद लॉगआउट करना जरूरी है। खासकर तब, जब कंप्यूटर का इस्तेमाल दूसरे लोग भी करते हों
किन गलतियों से बचना जरूरी है?
- साइबर सुरक्षा एजेंसी ने कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है
- जैस- साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क और होटल के बिजनेस सेंटर जैसे कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब लॉगिन करने से बचें
- किसी दूसरे व्यक्ति के लैपटॉप या अनजान कंप्यूटर पर अपना अकाउंट न खोलें
- यदि शेयरिंक कंप्यूटर पर इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो इनकॉग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल करें
- काम खत्म होने के बाद मैन्युअली लॉगआउट जरूर करें
- सरकारी, वित्तीय, संस्थान से जुड़ी और गोपनीय जानकारियां कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब के जरिए साझा करने से बचें
अकाउंट में दिखें ये संकेत तो रहें सतर्क
- अगर आपके अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिन्हें आपने नहीं भेजा है या आपके जानने वालों को आपके व्हाट्सएप के जरिए संदिग्ध मैसेज मिल रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें
- ऐसे में अपने अकाउंट में लॉगिन डिवाइस की जांच करें और अनजान डिवाइस से लॉगआउट करें
- इसके अलावा मोबाइल, कंप्यूटर, ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को अपडेट रखें
- हमेशा अनजान फाइलों और संदिग्ध डाउनलोड से भी दूरी बनाएं



