Bihar Election 2025: पहले चरण में 16 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर, आज जनता कर रही इनके भाग्य का फैसला

Bihar Election 2025: पहले चरण में 16 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर, आज जनता कर रही इनके भाग्य का फैसला

आज बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सरकार में मंत्री बनाए गए 16 नेताओं का भाग्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। इनमें से दो सम्राट चौधरी और मंगल पांडेय अब तक विधान परिषद सदस्य हैं। बाकी 14 मंत्री मौजूदा विधायक हैं। 

बिहार में पहले चरण में 115 विधानसभा क्षेत्र के 45341 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोटिंग शुरू हो गई। छह विधानसभा क्षेत्रों के 2135 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से पांच बजे तक ही वोटिंग जारी है। आज पहले चरण में 16 मंत्रियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। आइये जानते हैं इन 16 मंत्रियों के सामने कौन-कौन टक्कर दे रहा है। 

विधानसभा2020 में वोटिंग (%)2025 (सुबह 9 बजे तक)
सोनवर्षा53.7314.04
दरभंगा (सदर)55.7911.52
जाले54.1413.60
कुढ़नी64.1814.51
साहेबगंज59.5615.86
भोरे53.9813.55
अमनौर56.5713.51
सीवान54.4212.56
कल्याणपुर57.9314.00
सरायरंजन60.8613.04
बछवाड़ा60.8714.46
बिहारशरीफ48.5111.11
नालंदा54.6812.61
बांकीपुर35.915.85
लखीसराय52.7813.39
तारापुर55.0015.08

सहरसा जिले की सोनवर्षा सीट से जदयू के रत्नेश सदा के सामने कांग्रेस की सरिता देवी चुनाव मैदान में हैं। इस आरक्षित सीट पर जनसुराज ने भी दुसाध जाति के रिटायर्ड टीचर सत्येन्द्र हाजरा को उतारा है।

दरभंगा (सदर) से भाजपा के संजय सरावगी के सामने विकासशील इंसान पार्टी के उमेश सहनी हैं। वह मुकेश सहनी की जाति से हैं, यानी मल्लाह हैं। जन सुराज से रिटायर्ड आईजी आरके मिश्रा मैदान में हैं। प्लुरल्स पार्टी की पुष्पम प्रिया चौधरी मैदान में हैं। भितरघात से लड़ना ही बड़ी चुनौती है।

जाले से भाजपा के जिवेश कुमार के सामने कांग्रेस के ऋषि मिश्रा मैदान में हैं। यह राजद में थे और अंतिम समय में कांग्रेस का टिकट लेकर उतरे हैं। पिछली बार कांग्रेस के प्रत्याशी रहे मशकूर अहमद रहमानी इस बार निर्दलीय मैदान में हैं। मुस्लिम वोट पर सबकुछ निर्भर करता है। जनसुराज ने लोहार जाति के रंजीत शर्मा को चुनाव में उतारा है।

कुढ़नी से भाजपा के केदार प्रसाद गुप्ता के सामने राष्ट्रीय जनता दल के बबलू कुशवाहा उतारे गए हैं। जनसुराज ने यहां से मोहम्मद अली इरफान को मैदान में उतारा है। 

साहेबगंज से भाजपा के राजू कुमार सिंह के सामने राष्ट्रीय जनता दल के पृथ्वी राय मैदान में हैं। भाजपा को नुकसान पहुंचाने के लिए जनसुराज ने यहां राजपूत जाति से ठाकुर हरिकिशोर सिंह को उतारा है। 

सीवान से भाजपा के मंगल पांडेय के सामने राष्ट्रीय जनता दल ने अवध बिहारी चौधरी को उतारा है। अवध बिहारी चौधरी महागठबंधन सरकार के समय विधानसभा अध्यक्ष भी रहे थे। यहां जन सुराज ने भाजपा को राहत दी है। राजद-कांग्रेस के कोर वोट बैंक मुस्लिम धर्म के शेख वर्ग से बिजनेसमैन इंतक़ाब अहमद को उतारा गया है। 

लखीसराय से भाजपा के विजय कुमार सिन्हा के सामने कांग्रेस के अमरेश कुमार अनीष मैदान में हैं। भाजपा के कोर वोटर को ध्यान में रखते हुए जन सुराज ने यहां भूमिहार वर्ग के शिक्षाविद् सूरज कुमार को टिकट दिया है।

तारापुर से भाजपा के सम्राट चौधरी के सामने राष्ट्रीय जनता दल ने अरुण साह को प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर जन सुराज का निशाना भाजपा के कोर वोटर हैं, इसलिए उसने राजपूत चिकित्सक को मैदान में उतारा है। डॉ. संतोष सिंह यहां सम्राट चौधरी और अरुण साह से मुकाबिल हैं।

गोपालगंज की भोरे से जदयू के सुनील कुमार के सामने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन, यानी भाकपा माले ने प्रत्याशी उतारा है। भोरे से माले ने पासवान जाति के धनंजय को प्रत्याशी बनाया है। यहां से जन सुराज प्रत्याशी प्रीति किन्नर के उतारे जाने के बाद यह सीट चर्चा में है।  

वहीं सारण की अमनौर से भाजपा के कृष्ण कुमार मंटू के सामने राष्ट्रीय जनता दल ने सुनील राय को उतारा है। भाजपा के कोर वर्ग भूमिहार जाति को साधने के लिए जन सुराज ने यहां से राहुल सिंह को टिकट दिया है। 

समस्तीपुर
यहां की कल्याणपुर से जदयू के महेश्वर हजारी से मुकाबले के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन, यानी भाकपा माले ने रंजीत राम को मैदान में उतारा है। रंजीत राम रविदास वर्ग से आते हैं। जन सुराज ने यहां उप मेयर राम बालक पासवान को उतारा है।

वहीं सरायरंजन से विजय कुमार चौधरी से राष्ट्रीय जनता दल के अरविंद सहनी मैदान में हैं। सरायरंजन से भाजपा के कोर वोटर और विजय कुमार चौधरी के वर्ग के वोटरों को निशाने पर रखते हुए ब्राह्मण सज्जन मिश्रा को उतारा गया है।

बेगूसराय
बेगूसराय की बछवाड़ा से भाजपा के सुरेंद्र मेहता के सामने भारतीय कॉम्युनिस्ट पार्टी के अवधेश राय हैं। अवधेश राय यादव जाति से हैं। जन सुराज ने यहां पर दोनों प्रतिद्वंदियों के लिए मुसीबत की तैयारी की है। यहां से भूमिहार वर्ग के रामोद कुंवर को उतारा गया है, जो माले नेता रहे हैं। 

नालंदा
बिहारशरीफ से भाजपा के डॉ. सुनील कुमार के सामने भारतीय कॉम्युनिस्ट पार्टी ने शिव कुमार यादव को उतारा है। जन सुराज ने यहां कुशवाहा वर्ग के पूर्व मेयर दिनेश कुमार को मैदान में उतारा है।

वहीं नालंदा से जदयू के श्रवण कुमार के सामने कांग्रेस के कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया चुनाव मैदान में हैं। जिला परिषद् सदस्य और कुर्मी जाति की प्रत्याशी कुमारी पूनम सिन्हा जन सुराज के लिए मैदान में हैं।

पटना
यहां की बांकीपुर से भाजपा के नितिन नवीन के सामने राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को टिकट दिया है। यह सीट पिछली बार कांग्रेस के पास थी। अंतिम समय में कांग्रेसी रेखा गुप्ता ने राजद से नामांकन भर सदस्यता ली। जन सुराज ने भाजपा को निशाने पर लेने के लिए यहां से भूमिहार जाति की वंदना कुमारी को उतारा है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *