9/11 हमलों की 25वीं बरसी पर अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ चलाए गए सैन्य अभियान पर ईरान ने सख्त नाराजगी जताई है। ईरान के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने आरोप लगाया कि अमेरिका अपने युद्ध को सही ठहराने के लिए 9/11 हमलों की बरसी का इस्तेमाल कर रहा है। वहीं, दूसरी ओर अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान के खिलाफ इस कार्रवाई को आतंकवाद के खिलाफ अभियान बताया है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने वाशिंगटन के रुख पर कड़ा एतराज जताते हुए अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार 9/11 वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमलों की 25वीं बरसी का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ एक ‘लापरवाह और गैर-कानूनी युद्ध’ को सही ठहराने के लिए कर रही है। बघाई ने अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ के उस बयान की कड़ी निंदा की, जो उन्होंने 9/11 के एक स्मृति समारोह के दौरान दिया था। ईरानी प्रवक्ता ने अमेरिकी विदेश नीति के बुनियादी अंतर्विरोधों पर सवाल उठाते हुए आतंकवाद की परिभाषा तय करने के वाशिंगटन के ‘अकेले अधिकार’ को खारिज कर दिया।
इस्माइल बघाई ने क्या कहा?
बघाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि 9/11 हमले के जिम्मेदार लोग ईरानी नहीं थे। उन्होंने अमेरिका की आतंकवाद के खिलाफ नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अमेरिका खुद दूसरे देशों में सैन्य कार्रवाई करता है, अधिकारियों की हत्या करता है और आम नागरिकों को निशाना बनाता है, फिर भी आतंकवाद की परिभाषा तय करने का अधिकार अपने पास रखता है। ऐतिहासिक दावों का खंडन करते हुए बघाई ने स्पष्ट किया कि 2001 के हमलों में ईरान की कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने कहा कि 9/11 के हमलावर ईरानी नहीं थे, बल्कि ये वही लोग थे जिन्हें पिछले दशकों में खुद अमेरिका ने हथियार दिए, संगठित किया और तैयार किया था।
बघाई ने कहा कि 9/11 के बाद अमेरिका के तथाकथित ‘आतंक के खिलाफ युद्ध’ ने इराक और अफगानिस्तान में केवल दशकों का कब्जा, विनाश और निर्दोष नागरिकों की मौतें दीं। उन्होंने हेगसेथ के इस रुख को पूरी तरह बेतुका बताते हुए कहा कि किसी संप्रभु देश के अधिकारियों की हत्या करने और महिलाओं व बच्चों सहित आम नागरिकों को निशाना बनाने वाले आपराधिक युद्ध को आतंकवाद-निरोध के नाम पर नैतिक रूप से सही नहीं ठहराया जा सकता। बघाई ने अमेरिकी नीति का मजाक उड़ाने के लिए फिल्म ‘डेस्पिकेबल मी’ का लोकप्रिय ‘ग्रूज प्लान’ मीम भी साझा किया।



